पूरे साढ़े 8 साल के लंबे अंतराल के बाद साउथ अफ्रीका की जमीन पर ऑस्ट्रेलियाई टीम टेस्ट मैच खेलने उतर रही है. शुक्रवार 9 अक्टूबर से साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच 3 टेस्ट मैच की सीरीज शुरू हो रही है, जिसका पहला मैच डरबन के किंग्समीड ग्राउंड पर होने जा रहा है.
इस मुकाबले से करीब 24 घंटे पहले ही साउथ अफ्रीका ने अपनी प्लेइंग-11 का ऐलान कर दिया है, जिसमें कगिसो रबाडा को जगह नहीं मिली है.
रबाडा अनफिट लेकिन नॉर्खिया की वापसी
2018 के बाद पहली बार साउथ अफ्रीका में इन दोनों टीमों के बीच टेस्ट सीरीज खेली जा रही है. ऐसे में इसको लेकर काफी उत्सुकता है. मगर साउथ अफ्रीका को अपने स्टार तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा के बिना ही इस सीरीज के पहले मैच में उतरना पड़ रहा है, जो पिछले कुछ हफ्तों से हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण बाहर हैं. हालांकि वो पिछले कुछ दिनों में फिटनेस ड्रिल्स और गेंदबाजी अभ्यास करते हुए नजर आए हैं लेकिन फिलहाल पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं.
रबाडा की फिटनेस को लेकर अभी भी संदेह बरकरार है लेकिन पिछले कुछ सालों में चोट से सबसे ज्यादा परेशान रहे तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्खिया अब पूरी तरह फिट हैं. यही कारण है कि उन्हें प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है. अपनी तेज रफ्तार से बल्लेबाजों के लिए आफत साबित होने वाले नॉर्खिया पूरे 43 महीनों के बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं. उन्होंने पिछला टेस्ट मार्च 2023 में खेला था.
प्लेइंग-11 में 2 स्पिनर
टेम्बा बावुमा की कप्तानी वाली साउथ अफ्रीकी टीम में नॉर्खिया के अलावा मार्को यानसन के रूप में दूसरा मुख्य तेज गेंदबाज होगा, जबकि ऑलराउंडर वियान मुल्डर तीसरे तेज गेंदबाज की भूमिका निभाएंगे. सबसे खास बात ये है कि साउथ अफ्रीकी टीम इस मैच के लिए दो स्पिनर के साथ उतर रही. इस काम के लिए बाएं हाथ के स्पिनर केशव महाराज और दाएं हाथ के स्पिनर साइमन हार्मर को शामिल किया गया है.
दूसरी ओर ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्लेइंग-11 पर कोई भी खुलासा नहीं किया. कमिंस ने कहा कि उन्हें पता है कि कौन सी टीम खेलेगी लेकिन अंतिम फैसला पिच की आखिरी जांच के बाद ही किया जाएगा.
साउथ अफ्रीका: टेम्बा बावुमा (कप्तान), एडन मार्करम, रायन रिकल्टन, डेविड बेडिंगहम, ट्रिस्टन स्टब्स, वियान मुल्डर, काइल वेरेन (विकेटकीपर), मार्को यान्सन, साइमन हार्मर, केशव महाराज, एनरिक नॉर्खिया