खेल डेस्क। देवदत्त पडिक्कल (117 रन) और कप्तान शुभमन गिल (50 रन) के बाद ध्रूव जुरेल (नाबाद 72 रन) और विकटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (63) की पारियों के दम पर भारत ने दो टेस्ट मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले की अपनी पहली पारी में सात विकेट गंवाकर 438 रन बना लिए हैं।
कोलंबो के एसएससी ग्राउंड पर खेले जा रहे इस मुकाबले में ऋषभी पंत अपनी इस पारी के दम पर दो बड़ी उपलब्धियां अपने नाम दर्ज करवाई।
पंत अब अवे/न्यूट्रल टेस्ट मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। पंत के नाम अब 48 अवे/न्यूट्रल टेस्ट मैचों की 64 पारियों में 2500 से ज्यादा रन हो गए हैं। इस दौरान उनका औसत 41 से ज्यादा का रहा है। वहीं, पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने 48 टेस्ट मैचों की 83 पारियों में 2496 रन बनाए थे। अवे/न्यूट्रल टेस्ट मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाजों में तीसरे स्थान पर फारुख इंजीनियर हैं, जिन्होंने 1209 रन नबाए हैं।
ऋषभ पंत ने एडम गिलक्रिस्ट को छोड़ा पीछे
ऋषभ पंत ने अपनी इस पारी के दौरान दो छक्के भी लगाए हैं। इसके साथ ही उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाजों में शुमार एडम गिलक्रिस्ट को पीछे छोड़ दिया है। एडम गिलक्रिस्ट ने अपने टेस्ट कॅरियर में 100 छक्के लगाए हैं। अब पंत के 102 छक्के हो गए हैं। टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के कप्तान रहे बेन स्टोक्स के नाम दर्ज है, जिन्होंने 122 टेस्टों में सबसे ज्यादा 138 सिक्स लगाए हैं। न्यूजीलैंड के ब्रेंडन मैक्कुलम ने 101 टेस्ट में 107 सिक्स जड़े हैं।