भारत के घरेलू क्रिकेट सीजन की शुरुआत तो दलीप ट्रॉफी के साथ ही हो गई थी लेकिन असली एक्शन अब शुरू होने जा रहा है. रविवार 11 अक्टूबर से देश के सबसे पुराने और सबसे बड़े फर्स्ट क्लास क्रिकेट टूर्नामेंट का नया सीजन शुरू हो रहा है.
देश के अलग-अलग हिस्सों में रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन में ग्रुप स्टेज के पहले दौर के मुकाबले रविवार से शुरू होंगे. इस बार लीग की शुरुआत खास होने जा रही है क्योंकि टीम इंडिया के कुछ प्रमुख खिलाड़ी इसका हिस्सा बनेंगे. हालांकि भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल पहला मैच नहीं खेलेंगे.
सीजन के पहले मैच में नहीं गिल
रणजी ट्रॉफी का 92वां सीजन 11 अक्टूबर से शुरू हो रहा है. इसके साथ ही अगले कुछ हफ्तों तक भारत के कई क्रिकेटर अपने प्रदर्शन से न सिर्फ अपनी-अपनी टीमों को जिताने की कोशिश करेंगे बल्कि भारतीय टीम की सेलेक्शन कमेटी का ध्यान खींचने की कोशिश करेंगे. मगर शुरुआती कुछ मुकाबलों में नजरें टीम इंडिया के सितारों पर रहेंगी, जिन्हें BCCI ने मैच खेलने को कहा है क्योंकि फिलहाल भारतीय टीम किसी टेस्ट या वनडे सीरीज में व्यस्त नहीं है.
यही कारण है कि भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल के भी अपनी घरेलू टीम पंजाब के लिए खेलने की उम्मीद थी. हालांकि पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने पहले मैच के लिए जो स्क्वॉड जारी किया, उसमें गिल का नाम नहीं था. इसकी वजह क्या है, ये फिलहाल साफ नहीं है लेकिन पीटीआई की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि शुभमन गिल दूसरे मैच में उतर सकते हैं. पंजाब का पहला मैच एलीट ग्रुप B में शामिल पंजाब का पहला मैच असम से है. टीम की कप्तान पूर्व अंडर-19 कप्तान उदय सहारन कर रहे हैं.
टीम इंडिया के ये स्टार आएंगे नजर
शुभमन भले ही पहले मैच में न उतरें लेकिन टेस्ट उप-कप्तान केएल राहुल, स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा, स्टार ओपनर यशस्वी जायसवाल और दिग्गज तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज जैसे खिलाड़ी अपनी-अपनी टीमों के लिए खेलते हुए दिख सकते हैं. सौराष्ट्र के लिए खेलने वाले जडेजा और मुंबई के बल्लेबाज जायसवाल तो तैयारी करते हुए नजर भी आए. वहीं सिराज के लिए ये सीजन बहुत खास होने वाला है क्योंकि वो पहली बार हैदराबाद की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे.
गिल-राहुल समेत इन खिलाड़ियों के पास रणजी ट्रॉफी के शुरुआती 2-3 मैच खेलने का अच्छा मौका है क्योंकि फिलहाल वनडे या टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम एक्शन में नहीं है. ऐसे में उनके पास न्यूजीलैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज से पहले तैयारी करने का अच्छा मौका है. वहीं श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, अभिषेक शर्मा जैसे खिलाड़ी फिलहाल वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में व्यस्त हैं और फिर तुरंत ही न्यूजीलैंड रवाना हो जाएंगे. ऐसे में ये सभी शुरुआती मुकाबलों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे.