OTD: भारत ने तीसरे टी20 में बनाए 297, बांग्लादेश 133 रन से हारा; संजू का शतक

भारतीय टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे टी20 में पहले बैटिंग करने के बाद 20 ओवर में 6 विकेट पर 297 रन बनाए. संजू सैमसन ने शतकीय पारी खेली. यह भारत का टी20 इंटरनेशनल का सबसे बड़ा टोटल बन गया.

चेज के लिए उतरी बांग्लादेश को 133 रन से हार का सामना करना पड़ा. आज से ठीक 2 साल पहले 12 अक्टूबर 2024 को टीम इंडिया ने बांग्लादेश के खिलाफ यह कमाल हैदराबाद में किया था.

राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए सीरीज के तीसरे टी20 में टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए अपना सबसे बड़ा टोटल बोर्ड पर लगाया. मेन इन ब्लू 300 का आंकड़ा छूने से सिर्फ 3 रन दूर रह गई थी.

संजू सैमसन ने जड़ा शतक

ओपनिंग पर उतरे संजू सैमसन ने कमाल की पारी खेलते हुए 47 गेंदों में 11 चौके और 8 छक्कों की मदद से 111 रन स्कोर किए थे. इसके अलावा तत्कालीन कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी नंबर तीन पर कमाल की पारी खेलते हुए 35 गेंदों में 75 रन स्कोर किए थे. इस दौरान उनके बल्ले से 8 चौके और 5 छक्के निकले थे. दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 172 (70 गेंद) रनों की साझेदारी की. इससे टीम को बड़ा टोटल बोर्ड पर लगाने में मदद मिली.

हार्दिक पांड्या के कैमियो ने लूटी महफिल

जहां सैमसन और सूर्या की बड़ी पारियों ने सबका ध्यान खींचा, वहीं नंबर पांच पर उतरे हार्दिक पांड्या के कैमियो ने तो मानिए महफिल ही लूट ली थी. हार्दिक ने सिर्फ 18 गेंदों में 4 चौके और 4 छक्के लगाकर 47 रन स्कोर किए. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 261.11 का रहा.

बांग्लादेश को मिली एकतरफा हार

चेज के लिए उतरी बांग्लादेश 20 ओवर में 7 विकेट पर 164 रन तक ही पहुंच सकी. टीम के लिए तौहीद हृदय ने 42 गेंदों में 5 चौके और 3 छक्के लगाकर 63 रन बनाए. लिटन दास ने 25 गेंदों में 42 रनों की पारी खेली. हालांकि दोनों की पारियां टीम को जीत के करीब भी नहीं ले जा सकीं. इस दौरान भारत के लिए रवि बिश्नोई ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए.

Leave a Comment