न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया है. भारत के खिलाफ सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की वनडे टीम में कुछ खिलाड़ियों की लंबे समय बाद वापसी होती दिखी है. वहीं कुछ खिलाड़ियों को इंजरी के चलते सीरीज से बाहर रहना पड़ा है.
वनडे सीरीज 4 नवंबर से शुरू होगी, जिसके लिए न्यूजीलैंड की 14 सदस्यीय टीम की कमान मिचेल सैंटनर के हाथ में होगी. ये सीरीज 5 मैचों की होगी, जिसके पहले 3 वनडे के बाद आखिरी दो वनडे के लिए कीवी टीम में 7 नए खिलाड़ियों की एंट्री होगी.
तीसरे वनडे के बाद क्यों बदल जाएगी न्यूजीलैंड की टीम?
न्यूजीलैंड की वनडे टीम में सीरीज के पहले 3 मैचों के बाद बदलाव टेस्ट सीरीज के तैयारियों के चलते होगा. तीसरे वनडे के बाद न्यूजीलैंड के 8 खिलाड़ी –( डेवन कॉनवे, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लैथम, डैरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, नाथन स्मिथ)– टेस्ट सीरीज की तैयारियों में जुट जाएंगे. यही वजह है कि उनकी जगह पर चौथे और 5वें वनडे की टीम में 7 दूसरे खिलाड़ियों –( फिन एलेन, क्रिस्टियन क्लार्क, मैट फिशर, लॉकी फर्ग्युसन, मिच हे, निकल केली, टिम साइफर्ट)– की एंट्री होगी.
कोई 3 साल बाद लौटा तो किसी ने 18 महीने बाद किया कमबैक
न्यूजीलैंड की वनडे टीम में फिन एलेन और लॉकी फर्ग्युसन 3 साल बाद वापसी करते दिखेंगे. इन दोनों ने न्यूजीलैंड के लिए आखिरी वनडे साल 2023 में खेला था. वहीं टिम साइफर्ट की 18 महीने बाद वापसी होगी, जिन्होंने अपना आखिरी वनडे पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज में खेला था. इनके अलावा कंधे की इंजरी से उबरने के बाद रचिन रवींद्र की भी पहले 3 वनडे के लिए टीम में वापसी होती दिखेगी.
न्यूजीलैंड की टीम पहले 3 वनडे
मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवन कॉनवे, जैकब डफी, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लैथम, डैरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर, विल यंग
न्यूजीलैंड की टीम चौथे और 5वें वनडे
मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, फिन एलेन, जैकब डफी, मैट फिशर, क्रिस्टियन क्लार्क, लॉकी फर्ग्युसन, मिच हे, निक केली, टिम साइफर्ट, ब्लेयर टिकनर, विल यंग