Mumbai Indians: इंडियन प्रीमियर लीग की सबसे कामयाब फ्रेंचाइजियों में शुमार मुंबई इंडियंस के खेमे से एक बहुत बड़ी खबर सामने आई है. श्रीलंका के पूर्व कप्तान और मुंबई इंडियंस के इतिहास के सबसे सफल मुख्य कोच महेला जयवर्धने ने हेड कोच के पद से इस्तीफा दे दिया है.
फ्रेंचाइजी ने एक आधिकारिक बयान जारी कर जयवर्धने के अलग होने की पुष्टि की. जयवर्धने की कोचिंग में मुंबई इंडियंस का स्वर्णिम दौर रहा. उनकी देखरेख में और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 2017, 2019 और 2020 में तीन आईपीएल खिताब जीतकर अपनी ऐतिहासिक बादशाहत कायम की थी.
MI के साथ महेला जयवर्धने का शानदार सफर
महेला जयवर्धने मुंबई फ्रेंचाइजी के लिए सिर्फ एक हेड कोच से कहीं बढ़कर थे. उन्होंने दो अलग-अलग कार्यकालों में हेड कोच की जिम्मेदारी निभाई. पहला कार्यकाल 2017 से 2022 तक रहा और दूसरा कार्यकाल 2024 से 2026 तक चला. इस दौरान उन्होंने ड्रेसिंग रूम में अनुशासन, आपसी सहयोग और टीम-फर्स्ट की मजबूत संस्कृति को स्थापित करने में निर्णायक भूमिका निभाई.
फ्रेंचाइजी की मालकिन नीता अंबानी ने जयवर्धने के सालों के योगदान और अटूट समर्पण के लिए उनका धन्यवाद किया. उन्होंने कहा, ”महेला ने सालों से मुंबई इंडियंस के लिए योगदान दिया है. पूरी एमआई फैमिली की तरफ से मैं उनके समर्पण के लिए आभार व्यक्त करती हूं. हमने साथ मिलकर जो सफर तय किया और जो यादें बनाई हैं, वो हमेशा संजोकर रखी जाएंगी. महेला हमेशा हमारी टीम का हिस्सा रहेंगे और हम उनके भविष्य के सफर के लिए ढेरों शुभकामनाएं देते हैं.’
ग्लोबल हेड के रूप में भी लहराया था परचम
साल 2022 में पहली बार हेड कोच का पद मार्क बाउचर को सौंपने के बाद जयवर्धने को ग्लोबल हेड ऑफ परफॉर्मेंस बनाया गया था. उस भूमिका में उन्होंने दुनिया भर की अलग-अलग टी20 लीगों में मुंबई इंडियंस के विस्तार की देखरेख की. उनके रणनीतिक मार्गदर्शन के दौरान ही मुंबई इंडियंस विमेंस (WPL), एमआई न्यूयॉर्क (MLC) और एमआई एमिरेट्स (ILT20) ने अपने-अपने टूर्नामेंट्स में खिताबी जीत दर्ज कर फ्रेंचाइजी की साख को मजबूती दी थी.