भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई आईपीएल 2027 को खास बनाने के मूड में हैं। यह आईपीएल का 20वां एडिशन होगा तो बीसीसीआई ग्रैंड सेलिब्रेशन कर सकता है। टूर्नामेंट से पहले एक मिनी ऑक्शन होगा जिसमें फ्रेंचाइजियां अपनी टीमों को और मजबूत करने की कोशिश करेगी।
ईएसपीएनक्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार आईपीएल 2027 का मिनी ऑक्शन दिसंबर के दूसरे हफ्ते में हो सकता है। इस बार खास बात यह होगी कि नीलामी भारत के ही किसी शहर में हो सकती है। नीलामी पिछले तीन सालों से दुबई में हो रही है, टूर्नामेंट का 20वां एडिशन होने के चलते इस बार बीसीसीआई इसे देश में ही आयोजित कराने की प्लानिंग कर रही है।
शादियों की वजह से भारत में नहीं मिलता वेन्यू
कुछ दिन पहले, IPL चेयरमैन अरुण सिंह धूमल ने कहा था कि IPL के 2027 सीजन के लिए प्लेयर ऑक्शन भारत में होने वाला है। उन्होंने कहा कि वह इस इवेंट को वापस घर लाना चाहते हैं, क्योंकि पिछले तीन साल से यह विदेश में हो रहा है।
पीटीआई के मुताबिक धूमल ने कहा, “हर साल हम कोशिश करते हैं कि यह इंडिया में हो, लेकिन शादियों के भारी सीजन की वजह से हमें वेन्यू नहीं मिल पाता। इसलिए, हम पक्का चाहते हैं कि इस साल यह यहीं हो, क्योंकि यह एक छोटा ऑक्शन होगा और उम्मीद है कि हमें वेन्यू मिल जाएगा।”
ऑक्शन के लिए होस्ट शहर का फैसला BCCI के पसंदीदा वेन्यू की अवेलेबिलिटी के आधार पर किया जाएगा।
WPL ऑक्शन 28 अक्टूबर को कोच्चि में होगा
विमेंस प्रीमियर लीग का 2027 एडिशन 14 जनवरी से 7 फरवरी तक खेला जाएगा, और प्लेयर ऑक्शन 28 अक्टूबर को ग्रैंड हयात कोच्चि में होगा। पांचों फ्रेंचाइजी को 28 सितंबर तक अपने रिटेन प्लेयर्स की लिस्ट जमा करनी होगी।
WPL ने एक रिलीज में कहा था, “नए सीजन से पहले पहला माइलस्टोन 28 सितंबर 2026 को प्लेयर रिटेंशन की डेडलाइन होगी। पांचों फ्रेंचाइजी के पास अपने मौजूदा स्क्वॉड से प्लेयर्स को रिटेन करने का मौका होगा, क्योंकि वे नए सीजन के लिए अपने कॉम्बिनेशन बनाना शुरू कर देंगे।”
रिलीज़ में आगे कहा गया, “स्क्वाड बनाने का अगला फेज 28 अक्टूबर 2026 को TATA WPL प्लेयर ऑक्शन में होगा। ऑक्शन ग्रैंड हयात कोच्चि में होगा, जहां पांचों फ्रेंचाइजी आने वाले एडिशन के लिए अपने स्क्वॉड को पूरा करने और मजबूत करने की कोशिश करेंगी।”