India vs New Zealand: मेरे आदर्श ROKO?, रचिन रवींद्र ने कहा-सबसे खतरनाक जसप्रीत बुमराह

नागपुर: भारत और न्यूजीलैंड के बीच आगामी सीरीज को लेकर उत्सुकता चरम पर है. इसी बीच न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रचिन रवींद्र ने ‘सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क’ की ओर से आयोजित ऑनलाइन सत्र में ‘लोकमत’ से विशेष बातचीत की.

कंधे की चोट के कारण वह टी-20 सीरीज में नहीं खेल पाएंगे, लेकिन वनडे सीरीज के लिए मैदान पर उतरने को तैयार हैं.

उन्होंने भारतीय टीम की चुनौती, विराट कोहली और रोहित शर्मा के उनकी बल्लेबाजी पर प्रभाव तथा न्यूजीलैंड की पिचों पर जसप्रीत बुमराह की गेंदबाजी से मिलने वाली चुनौती पर बात की. रचिन ने कहा, “भारत को उसकी घरेलू धरती पर हराना हमारे लिए सपने जैसा था. इस जीत से आगामी सीरीज के लिए हमारा आत्मविश्वास काफी बढ़ा है.”

उन्होंने कहा कि भारतीय क्रिकेट में अब पीढ़ीगत बदलाव हो रहा है. टीम में यशस्वी जायसवाल और कप्तान शुभमन गिल जैसे आक्रामक बल्लेबाज हैं, तो के.एल. राहुल और ऋषभ पंत जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी हैं. भारत ने विदेशी पिचों पर अपनी बल्लेबाजी में काफी सुधार किया है. ऐसे में उसे चुनौती देना आसान नहीं होगा.

रो-को से मिलती है प्रेरणा

रचिन ने कहा, “बल्लेबाजी में कोहली और रोहित मेरे आदर्श हैं. उछालभरी पिचों पर कोहली का निडर होकर खेलना और स्पिनरों के खिलाफ रोहित की बल्लेबाजी से मैंने बहुत कुछ सीखा है. मैंने अपनी बल्लेबाजी शैली को इन दोनों से प्रेरित होकर विकसित करने की कोशिश की है.”

बुमराह का खौफ

रचिन ने कहा, “न्यूजीलैंड की पिचों पर बुमराह सबसे खतरनाक साबित हो सकते हैं. यहां की स्विंग और उछाल का उन्हें निश्चित रूप से फायदा मिलेगा. उन्हें पूरी तरह रोकना मुश्किल होगा, लेकिन सही फैसले लेकर उनके प्रभाव को कम करने की हमारी कोशिश रहेगी.” उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड की उछालभरी पिचों पर टी-20 में भारतीय बल्लेबाजों के लिए सीधे शॉट खेलना चुनौतीपूर्ण हो सकता है.

रनों पर अंकुश लगाएंगे स्पिनर

रचिन ने कहा, “न्यूजीलैंड में गेंद ज्यादा टर्न नहीं होती, इसलिए यहां स्पिन खेलना थोड़ा आसान होगा. भारतीय स्पिन गेंदबाजों की भूमिका यहां मुख्य रूप से रनों पर अंकुश लगाने की होगी.” अपनी गेंदबाजी की भूमिका पर उन्होंने स्पष्ट किया कि कप्तान मिचेल सैंटनर के नेतृत्व में उनका काम भी रन गति पर अंकुश लगाना और तेज गेंदबाजों को विश्राम देने में मदद करना होगा.

Leave a Comment