Ishan Kishan Injury Update: नई दिल्ली, (सच कहूँ/एजेंसी)। न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी टी20 सीरीज में भारतीय टीम को तीसरे मुकाबले से पहले झटका लगा है। चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाने के कारण विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन 27 अक्टूबर को वेलिंगटन में खेले जाने वाले मुकाबले में उपलब्ध नहीं रहेंगे।
इससे पहले भी वह सीरीज का दूसरा मैच नहीं खेल पाए थे।
बीसीसीआई के मुताबिक, ईशान किशन को पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले के दौरान दाईं जांघ में हल्की चोट लगी थी। उन्हें लो-ग्रेड एडडक्टर स्ट्रेन हुआ था। फिलहाल उनकी रिकवरी जारी है, लेकिन मेडिकल टीम ने उन्हें तीसरे मैच के लिए पूरी तरह फिट नहीं माना है। बोर्ड की मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। वहीं, कुमार कुशाग्र को तीसरे टी20 के लिए भी टीम के साथ रखा गया है।
ईशान की अनुपस्थिति में दूसरे मुकाबले में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को भारतीय प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था। उन्हें तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने का मौका मिला, लेकिन वह बड़ी पारी नहीं खेल सके। वैभव ने आठ गेंदों पर चार रन बनाए और पवेलियन लौट गए। अब तीसरे मुकाबले में भी उनकी टीम में जगह बने रहने की संभावना है।
दूसरे टी20 में भारत ने न्यूजीलैंड के 181 रन के लक्ष्य का सफल पीछा किया था। भारतीय टीम ने छह विकेट गंवाकर एक गेंद बाकी रहते जीत दर्ज की। तिलक वर्मा ने 26 गेंदों पर 51 रन बनाकर शानदार योगदान दिया। नमन धीर ने 17 गेंदों में 31 रन बनाए, जबकि नीतीश कुमार रेड्डी ने 13 गेंदों पर नाबाद 26 रन की पारी खेलकर जीत की राह आसान की। पांच मैचों की इस सीरीज में भारत फिलहाल 2-0 से आगे है। तीसरे मुकाबले में टीम की नजर जीत के साथ बढ़त मजबूत करने पर होगी, जबकि ईशान किशन की गैरमौजूदगी में बल्लेबाजी संयोजन पर भी ध्यान रहेगा।