India Women vs Pakistan Women Live Score, ICC Womens Asia Cup 2026: महिला टी20 एशिया कप 2026 का 9वां मुकाबला चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जा रहा है. दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हो रहे इस हाई-वोल्टेज मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है.
यानी भारतीय टीम टारगेट को चेज करती हुई नजर आएगी.
शानदार फॉर्म में टीम इंडिया
हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय महिला टीम इस समय शानदार फॉर्म में चल रही है. ग्रुप स्टेज में खेले गए अपने शुरुआती दोनों मुकाबलों में एकतरफा जीत दर्ज कर टीम इंडिया पहले ही सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर चुकी है। दूसरी ओर, पाकिस्तानी महिला टीम ने भी अपने शुरुआती मैच में थाईलैंड को 35 रनों से हराकर विजयी आगाज किया है, लेकिन उनके सामने अब सबसे बड़ी चुनौती होगी.
एशिया कप में टीम इंडिया का एकतरफा दबदबा
महिला टी20 एशिया कप के मंच पर पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम का रिकॉर्ड काफी दमदार रहा है. दोनों देशों के बीच एशिया कप इतिहास में अब तक कुल 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 6 मैचों में भारत ने जीत दर्ज की है. पाकिस्तान की टीम इस टूर्नामेंट में भारत को सिर्फ एक बार हराने में सफल हो पाई है. वहीं, टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के आंकड़ों पर नजर डालें तो भारतीय महिलाओं का पलड़ा हमेशा भारी रहा है. अब तक खेले गए कुल 17 टी20 मैचों में भारत ने 14 मुकाबलों में जीत का परचम लहराया है. वहीं, पाक टीम 3 बार ही भारत के खिलाफ जीत दर्ज कर सकी है.