Shimron Hetmyer: वेस्टइंडीज के बल्लेबाज शिमरॉन हेटमायर के साथ लखनऊ टी20 में कुछ अजब-गजब ही हो गया. हेटमायर सिर्फ 2 गेंद खेलकर रन आउट हो गए. हालांकि इस रन आउट पर विवाद भी हो गया क्योंकि हेटमायर का बल्ला क्रीज के आधा फुट अंदर था लेकिन फिर भी उन्हें आउट दिया गया.
आइए आपको बताते हैं कि आखिर हेटमायर के साथ ऐसा क्यों हुआ?
हेटमायर का विवादित रन आउट
हेटमायर को रन आउट देने की असली वजह थी उनका बल्ला हवा में होना. हेटमायर ने रन आउट से बचने के लिए डाइव लगाई. लेकिन डाइव के दौरान उनका बल्ला क्रीज के अंदर होते हुए भी हवा में रह गया. जब संजू सैमसन ने बेल्स उड़ाई तो हेटमायर का बल्ला हवा में था. नतीजा ये हुआ कि हेटमायर को तीसरे अंपायर ने आउट दे दिया. तीसरे अंपायर का ये फैसला देखकर हेटमायर चौंक गए. वो मैदानी अंपायर से बहस करने लगे. वेस्टइंडीज के कप्तान शे होप भी अंपायर से बात करते नजर आए. फिर अंपायर ने उन्हें समझाया कि जब संजू सैमसन ने बेल्स उड़ाई तो उनका बल्ला हवा में था.
क्या कहता है नियम
आईसीसी के नियम 30.1.1 के मुताबिक बल्लेबाज को तब तक अपने ग्राउंड में नहीं माना जाता, जब तक कि उसके शरीर का कोई हिस्सा या बैट पॉपिंग क्रीज के पीछे जमीन पर ना लगा हो. बैट क्रीज लाइन के ऊपर हवा में हो और पैर भी हवा में हों तो इसका मतलब है कि बल्लेबाज आउट ऑफ क्रीज है. अगर उस समय बेल्स गिरा दी जाएं तो बल्लेबाज आउट हो सकता है.
अक्षर पटेल का बेहतरीन ओवर
बता दें अक्षर पटेल के ओवर में हेटमायर रन आउट हुए और इसी ओवर में उन्होंने रोवमैन पॉवेल को बोल्ड किया. पॉवेल तीन गेंद खेलकर बोल्ड हो गए. अक्षर की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के फेर में उन्होंने अपना विकेट गंवा दिया. पॉवेल को बोल्ड करने के बाद अक्षर ने इस ओवर में एक भी रन नहीं खर्च किया. मतलब उनका ये ओवर डबल विकेट मेडन रहा.