IND vs WI: चौथे टी20 से पहले इतना बड़ा ‘घोटाला’, हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन का अधिकारी और बेटा गिरफ्तार

भारत और वेस्टइंडीज के बीच चौथा टी20 मैच हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में होना है और इस मुकाबले से पहले ही पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. हैदराबाद पुलिस ने हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन के अधिकारी और उसके बेटे को गिरफ्तार किया है, कुल 4 लोग गिरफ्तार हुए हैं और इन चारों पर आरोप है कि उन्होंने मैच के मुफ्त पास को काफी ज्यादा कीमत पर बेचा.

आरोप है कि मुफ्त पास 3500 से 6000 रुपये में बेचे गए. बता दें पास बेचना कानूनी जुर्म है, ये कालाबाजारी होती है.

हैदराबाद पुलिस ने आरोपियों को ऐसे पकड़ा

पास बेचने का मामला 12 अक्टूबर को तब सामने आया जब हैदराबाद पुलिस को बेगम बाजार के एसडी मॉल के पास भारत बनाम वेस्टइंडीज के चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के मुफ्त पास बेचे जाने की सूचना मिली. असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर वी जनार्दन नाइक के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम ने रात करीब 9 बजे मॉल के पास अविनाश दरक और मोहित सोमानी को पकड़ा. जांच के दौरान पुलिस ने मुफ्त मैच पास बेचने में कथित तौर पर शामिल दो और लोगों की पहचान की. अन्य आरोपियों की पहचान एचसीए सदस्य सतीश चंद्र श्रीवास्तव और उनके बेटे आकर्षित श्रीवास्तव के रूप में हुई. पुलिस ने चारों को 13 अक्टूबर को गिरफ्तार किया और उनके पास से क्रिकेट पास, 5000 रुपये नकद, मोबाइल फोन और एक टू व्हीलर वाहन जब्त किया.

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस के मुताबिक एचसीए सदस्य सतीश चंद्र श्रीवास्तव ने कथित तौर पर मुफ्त मैच पास अपने बेटे आकर्षित श्रीवास्तव को दिए. आकर्षित ने ये पास अविनाश दरक को सौंप दिए, जिसने मोहित सोमानी की मदद से उन्हें बेचने का इंतजाम किया. आरोप है कि दरक और सोमानी ने व्हाट्सएप पर पास बेचने का ऐड किया और बैठने की जगह के आधार पर उन्हें 3,500 रुपये से 6,000 रुपये प्रति पास के हिसाब से बेचा. जांच के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धारा 112(1) और 318(2) और नगर पुलिस अधिनियम की धारा 21(gg) के तहत मामला दर्ज किया और चारों पुलिस की गिरफ्त में हैं.

Leave a Comment