भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज, 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। पहले मैच में भारत ने वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली थी।
अब टीम इंडिया की नजर दूसरा मुकाबला जीतकर बढ़त को 2-0 करने पर होगी। वहीं, वेस्टइंडीज की टीम वापसी करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
पहले टी20 में श्रेयस अय्यर ने 42 गेंदों पर नाबाद 102 रन की शानदार पारी खेली थी। उनकी बल्लेबाजी ने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। वहीं, डेब्यू मैच में नमन धीर ने तीन विकेट लेकर अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया। अब दूसरे मुकाबले में भी कुछ खिलाड़ियों के बीच दिलचस्प भिड़ंत देखने को मिल सकती है। इन तीन प्लेयर बैटल पर फैंस की खास नजर रहेगी।
1. अभिषेक शर्मा Vs रोस्टन चेज
भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। साल 2026 में उन्होंने अब तक टी20 इंटरनेशनल की 30 पारियों में 832 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 205.94 रहा है। पावरप्ले में तेजी से रन बनाना उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
हालांकि, पहले टी20 में वेस्टइंडीज के रोस्टन चेज ने अभिषेक शर्मा को 21 रन के स्कोर पर आउट कर दिया था। दूसरे मैच में भी चेज की कोशिश होगी कि ऑफ स्पिन के जरिए अभिषेक को बड़े शॉट खेलने से रोका जाए। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि इस बार अभिषेक अपनी पिछली गलती से सबक लेकर चेज के खिलाफ कैसी बल्लेबाजी करते हैं।
2. शेरफेन रदरफोर्ड Vs अर्शदीप सिंह
वेस्टइंडीज के बल्लेबाज शेरफेन रदरफोर्ड ने पहले मैच में शानदार बल्लेबाजी की थी। उन्होंने 34 गेंदों पर 56 रन बनाए, जिसमें छह चौके और तीन छक्के शामिल थे। उनकी तेज बल्लेबाजी ने भारतीय गेंदबाजों के सामने चुनौती पेश की।
दूसरे टी20 में रदरफोर्ड को रोकने की जिम्मेदारी अर्शदीप सिंह पर होगी। अर्शदीप अपनी यॉर्कर और धीमी गेंदों के दम पर वेस्टइंडीज के इस बल्लेबाज को परेशान करने की कोशिश करेंगे। खासकर डेथ ओवरों में दोनों के बीच मुकाबला देखने लायक हो सकता है। अगर अर्शदीप ने रदरफोर्ड को जल्दी रोक लिया, तो भारत को इसका फायदा मिल सकता है।
3. श्रेयस अय्यर Vs अकील हुसैन
हले टी20 में श्रेयस अय्यर की शतकीय पारी ने मुकाबले का रुख भारत की तरफ मोड़ दिया था। उन्होंने महज 42 गेंदों पर नाबाद 102 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके और छह छक्के शामिल थे। अय्यर ने लगातार बड़े शॉट लगाकर वेस्टइंडीज के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा।
दूसरे मैच में वेस्टइंडीज के गेंदबाज अकील हुसैन की नजर अय्यर को रोकने पर होगी। पहले मुकाबले में अकील ने चार ओवर में 37 रन देकर एक विकेट लिया था। अब उनकी कोशिश भारतीय बल्लेबाज को खुलकर खेलने का मौका नहीं देने की होगी। अगर अकील अय्यर की रन बनाने की रफ्तार पर लगाम लगा पाते हैं, तो वेस्टइंडीज की टीम मुकाबले में वापसी कर सकती है।
क्या दूसरे टी20 में खेलेंगे वैभव सूर्यवंशी ?
दूसरे टी20 मुकाबले से पहले सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलेगा? इस पर भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच ने प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम के चयन को लेकर अपनी बात रखी।
उन्होंने कहा कि जब टीम खिलाड़ियों को आजमाती है और जीत हासिल करती है, तो उसी संयोजन को जारी रखने की संभावना रहती है। लेकिन हार मिलने पर टीम के संतुलन को बनाए रखने और बदलाव करने के बीच फैसला लेना आसान नहीं होता। उनके मुताबिक, टीम के पास कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और नए खिलाड़ियों को मौका देने पर कुछ अनुभवी खिलाड़ियों को बाहर बैठना पड़ता है।
कोच ने यह भी कहा कि करीबी मुकाबलों के दौरान टीम को भविष्य की बेंच स्ट्रेंथ तैयार करने के लिए युवा खिलाड़ियों को अवसर देने के बारे में सोचना चाहिए।
हालांकि, वैभव सूर्यवंशी को लेकर उन्होंने कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया। ऐसे में दूसरे टी20 में वैभव को मौका मिलेगा या उन्हें अभी इंतजार करना पड़ेगा, यह टीम की प्लेइंग इलेवन सामने आने के बाद ही साफ होगा।
फिलहाल भारत की नजर सीरीज में दूसरी जीत दर्ज करने पर है, जबकि वेस्टइंडीज के सामने वापसी की चुनौती होगी। ऐसे में मुकाबले के दौरान इन तीन प्लेयर बैटल पर सभी की निगाहें रहेंगी।