भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैच की टी20 सीरीज का आगाज लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में हो गया। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
भारत की प्लेइंग इलेवन में वैभव सूर्यवंशी समेत चार खिलाड़ियों को जगह नहीं मिली है, जबकि वनडे डेब्यू के कुछ दिन बाद नमन धीर को टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का मौका मिला है।
नमन धीर ने 27 सितंबर 2026 को वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच से ही वनडे इंटरनेशनल में डेब्यू किया था। नमन धीर को अर्शदीप सिंह से अपनी पहली T20I कैप मिली। वेस्टइंडीज के लिए यह मुकाबला अनुभवी ऑलराउंडर अकील हुसैन के 100वें टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के रूप में भी खास है।
टॉस जीतने के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने वेस्टइंडीज की मजबूत टीम से मिलने वाली चुनौती को माना। हालांकि, एशियाई खेलों के अभियान के बाद व्यस्त यात्रा कार्यक्रम के बावजूद अपनी टीम के जल्दी लय में आने पर भरोसा जताया। श्रेयस अय्यर ने यह भी पुष्टि की कि रवि बिश्नोई, नितीश कुमार रेड्डी, वैभव सूर्यवंशी और प्रिंस यादव को प्लेइंग XI में शामिल नहीं किया गया है।
विंडीज का टी20 में दबदबा: श्रेयस अय्यर
श्रेयस अय्यर ने कहा, ”हम पहले गेंदबाजी करेंगे। पिच मिली-जुली है। ओस भी होगी। यात्रा काफी व्यस्त रही। कल रात आए। आज मैच के लिए आए हैं, लेकिन हम पूरी तरह तैयार हैं। वेस्टइंडीज का शानदार प्रदर्शन रहा है। उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में T20 क्रिकेट में दबदबा बनाया है। उनके पास बेहतरीन बल्लेबाज और ऑलराउंडर हैं। मुकाबले का इंतजार है। रवि, नितीश, वैभव और प्रिंस बाहर हैं।”
हम भी पहले गेंदबाजी चुनते: शाई होप
वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने कहा, ”हम भी पहले गेंदबाजी ही चुनते। भारत में लक्ष्य का पीछा करना हमेशा अच्छा रहता है। हमें परिस्थितियों के हिसाब से ढलना होगा। यह पिच अलग है। कुछ नए खिलाड़ी आ रहे हैं और कुछ जा रहे हैं। हमें बस अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलना है। हमारे पास गेंदबाजी के छह विकल्प हैं, कुछ ऑलराउंडर भी हैं।”
भारत बनाम वेस्टइंडीज पहले टी20 मैच के लिए ये है दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत की आखिरी एकादश: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नमन धीर, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, मयंक यादव।
वेस्टइंडीज की आखिरी एकादश: शाई होप (विकेटकीपर/कप्तान), कामिल पूरन, शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, मैथ्यू फोर्ड, रोस्टन चेज, अकील हुसैन, शमार स्प्रिंगर, शमार जोसेफ।
भारत-वेस्टइंडीज पहला टी20: लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम में राष्ट्रगान से पहले गूंजा वंदे मातरम्
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला लखनऊ में खेला जा रहा है। इस मैच में खेल शुरू होने से पहले राष्ट्रगान से पूर्व राष्ट्रगीत वंदे मातरम् गूंजा। एक महीने में तीसरी बार ऐसा देखने को मिला है।