IND vs PAK: नवंबर में दो बार भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान, एशिया कप का शेड्यूल जारी; जानिए कब होंगे महामुकाबले

स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबलों का इंतजार कर रहे प्रशंसकों के लिए नवंबर का महीना खास होने वाला है। दोनों देशों की टीमें दो अलग-अलग एशिया कप टूर्नामेंट में आमने-सामने होंगी।

पहला मुकाबला अंडर-19 एशिया कप में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मुकाबला एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में होगा।

एशिया कप राइजिंग स्टार्स का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। टूर्नामेंट की शुरुआत 19 नवंबर से कतर की राजधानी दोहा में होगी। इसका फाइनल 29 नवंबर को खेला जाएगा। इस प्रतियोगिता में आठ टीमें हिस्सा लेंगी।

भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान अपनी ए टीमों को मैदान में उतारेंगे। वहीं, नेपाल, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और हांगकांग चीन के अपनी सर्वश्रेष्ठ टीमों के साथ उतरने की संभावना है।

22 नवंबर को भारत ए और पाकिस्तान ए की टक्कर

एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में भारत ए को ग्रुप बी में रखा गया है। इस ग्रुप में पाकिस्तान ए, नेपाल और यूएई भी शामिल हैं।

भारतीय टीम 20 नवंबर को नेपाल के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इसके बाद 22 नवंबर को पाकिस्तान ए से मुकाबला होगा। वहीं, 24 नवंबर को यूएई के खिलाफ भारत अपना आखिरी ग्रुप मैच खेलेगा।

भारत ए का शेड्यूल

डेट मैच
20 नवंबर भारत ए बनाम नेपाल
22 नवंबर भारत ए बनाम पाकिस्तान ए
24 नवंबर भारत ए बनाम यूएई
29 नवंबर फाइल

फाइनल में भी हो सकता है भारत-पाकिस्तान मुकाबला

टूर्नामेंट के दोनों ग्रुप से शीर्ष दो-दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। अगर भारत और पाकिस्तान अपने ग्रुप से क्वालिफाई करते हैं और फिर अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीत जाते हैं, तो दोनों टीमें फाइनल में भी आमने-सामने हो सकती हैं।

ऐसी स्थिति में नवंबर में भारत और पाकिस्तान की ए टीमों के बीच दो मुकाबले देखने को मिल सकते हैं। हालांकि, इसके लिए दोनों टीमों का फाइनल में पहुंचना जरूरी होगा।

9 नवंबर को अंडर-19 एशिया कप में भिड़ंत

भारत और पाकिस्तान के बीच नवंबर का पहला मुकाबला अंडर-19 एशिया कप में होगा। यह टूर्नामेंट 5 नवंबर से शुरू होने वाला है। भारत अंडर-19 और पाकिस्तान अंडर-19 के बीच मुकाबला 9 नवंबर को खेला जाएगा।

इस टूर्नामेंट में दोनों देशों के युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। खासतौर पर पूर्व भारतीय विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग और पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ पर क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें रह सकती हैं। हालांकि, उनकी भागीदारी अंतिम टीम चयन पर निर्भर करेगी।

सात बार में सिर्फ एक खिताब जीत सका भारत

एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट को पहले एसीसी इमर्जिंग टीम्स एशिया कप के नाम से जाना जाता था। इसकी शुरुआत 2013 में हुई थी। भारत ने इस टूर्नामेंट के सात संस्करणों में सिर्फ एक बार खिताब अपने नाम किया है। भारतीय टीम ने 2013 में खेले गए पहले संस्करण में चैंपियन बनने की उपलब्धि हासिल की थी। इसके बाद भारतीय टीम दोबारा खिताब नहीं जीत सकी। ऐसे में इस बार भारत ए के सामने लंबे समय से चले आ रहे खिताबी इंतजार को खत्म करने की चुनौती होगी।

पाकिस्तान से पिछली हार का बदला लेने का मौका

एशिया कप राइजिंग स्टार्स के 2025 संस्करण में भारत ए की टीम पाकिस्तान ए को हराने में सफल नहीं हो सकी थी। ऐसे में इस बार भारतीय खिलाड़ियों के पास पिछली हार का हिसाब बराबर करने का मौका होगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) इस टूर्नामेंट के लिए अपनी ए टीम भेजेगा। हालांकि, अभी यह देखना बाकी है कि किन खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया जाएगा।

इस प्रतियोगिता में घरेलू क्रिकेट और अन्य टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है। ऐसे खिलाड़ियों के लिए यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने और भविष्य में सीनियर भारतीय टीम में जगह बनाने की दावेदारी मजबूत करने का अवसर होगा। नवंबर में होने वाले दोनों मुकाबलों को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में उत्सुकता रहेगी। खासतौर पर 22 नवंबर को भारत ए और पाकिस्तान ए के बीच होने वाला मुकाबला टूर्नामेंट के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा।

Leave a Comment