टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी ऋषभ पंत अबतक फिटनेस टेस्ट पास नहीं कर पाए हैं. खबर है कि अगर वो टेस्ट पास कर भी लेते हैं तो भी वो न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे अनाधिकारिक टेस्ट मैच में नहीं खेलेंगे.
ये मुकाबला 7 से 10 नवंबर तक लिंकन में खेला जाएगा.बता दें पंत को पिछले महीने श्रीनगर में ईरानी कप के दौरान चोट लगी थी और वो रविवार को हुए फिटनेस टेस्ट में फेल भी हो गए. पंत बेंगलुरु में BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन रूटीन कर रहे हैं और उन्हें अभी तक कीवी टीम के खिलाफ इंडिया A के अनऑफिशियल टेस्ट के लिए टीम में शामिल होने के लिए जरूरी फिटनेस टेस्ट पास करना बाकी है.
पंत को सीधे टीम इंडिया में एंट्री मिलेगी
ऐसा बताया जा रहा है कि 28 साल का ये खिलाड़ी सीधे वेलिंगटन में टीम इंडिया से जुड़ सकता है. पंत ने इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका में टेस्ट सेंचुरी लगाई हैं, ऐसे में उन्हें बगैर इंडिया ए में खिलाए बगैर ही टीम में जगह दी जा सकती है. हालांकि दूसरे फिटनेस टेस्ट के बाद ही सब साफ हो पाएगा.
पंत का मुश्किल परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन
ऋषभ पंत का SENA देशों में टेस्ट रिकॉर्ड कमाल है. साउथ अफ्रीका में पंत ने एक टेस्ट शतक लगाया है. ऑस्ट्रेलिया में भी उन्होंने एक सेंचुरी लगाई है. इंग्लैंड में ये खिलाड़ी 4 टेस्ट सेंचुरी लगा चुका है.
न्यूजीलैंड में नहीं लगाया है शतक
हालांकि ऋषभ पंत ने न्यूजीलैंड में अबतक कोई शतक नहीं लगाया है. इस खिलाड़ी ने न्यूजीलैंड में 2 ही टेस्ट खेले हैं जिसमें उनके बल्ले से सिर्फ 60 रन निकले हैं. आने वाले दौरे पर पंत न्यूजीलैंड में अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे. बता दें टीम इंडिया के लिए न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज जीतना बेहद अहम है. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की उम्मीद तभी है जब वो न्यूजीलैंड में जीते.