IND vs NZ: 12 साल बाद ऐसा कमाल.अर्शदीप न्यूजीलैंड में छा गए

भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने ऑकलैंड के ईडन पार्क में 70 रन देकर 4 विकेट झटके, जिससे भारत ने न्यूजीलैंड को 185 रन पर रोक दिया.

अपने इस प्रदर्शन के साथ अर्शदीप, जवागल श्रीनाथ और मोहम्मद शमी की खास लिस्ट में शामिल हो गए हैं. वह न्यूजीलैंड में चार विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय तेज गेंदबाज बन गए हैं. न्यूजीलैंड में किसी भारतीय तेज गेंदबाज का ये चौथा सबसे अच्छा प्रदर्शन है. जवागल श्रीनाथ ने 2003 में ऑकलैंड में 23 रन देकर 4 विकेट और 1995 में नेपियर में 52 रन देकर 4 विकेट लेकर टॉप दो स्थान पर हैं. वहीं, मोहम्मद शमी ने 2014 में नेपियर में 55 रन देकर 4 विकेट लिए थे.

अगर एक विकेट और ले लेते तो…

  अगर एक और विकेट ले लेते तो ये वनडे में उनका दूसरा पांच विकेट हॉल होता. इससे वह न्यूजीलैंड में पांच विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय बन जाते. अनिल कुंबले ही एकमात्र भारतीय हैं जिन्होंने 1994 में वेलिंगटन में 33 रन देकर 5 विकेट लिए थे. इस साल अर्शदीप ने पांच वनडे में 23.08 की औसत और 6.08 की इकॉनमी रेट से 12 विकेट लिए हैं. उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 70 रन देकर 6 विकेट रहा है.

गेंदबाजी के लिए मददगार हालात

मैच के बाद अर्शदीप ने बताया कि न्यूजीलैंड के हालात गेंदबाजों के लिए काफी मददगार थे. उन्होंने कहा, ‘यहां का मौसम बहुत पसंद आ रहा है और पिच से अच्छी मदद मिल रही है. उपमहाद्वीप से आने के बाद जब विकेट में कुछ जान मिलती है तो येां गेंदबाजी करना हमेशा सुखद होता है. हां, हवा भी मदद कर रही है.’ टीम की रणनीति के बारे में अर्शदीप ने बताया कि वे पिच से मिल रही मदद का पूरा फायदा उठाना चाहते थे. उन्होंने कहा, ‘मुझे लगा कि विकेट में कुछ है, इसलिए हम बस सीम को जोर से हिट करने और पिच से मदद लेने की कोशिश कर रहे थे. वे उस लेंथ पर कुछ शॉट खेलने की कोशिश कर रहे थे, इसलिए हमें विकेट मिले.’

गर्लफ्रेंड के लिए खास सेलिब्रेशन

पांचवां विकेट न मिलने पर अर्शदीप ने थोड़ा अफसोस भी जताया. उन्होंने बताया, ‘पसंदीदा विकेट पांचवां वाला होता, जो मुझे नहीं मिला. तो मैं अभी भी उसकी तलाश में हूं.’ काइल जेमिसन को आउट करने के बाद अपने डांस सेलिब्रेशन पर अर्शदीप ने बताया कि ये उनकी गर्लफ्रेंड और एक्टर मॉडल समरीन कौर के लिए था. उन्होंने कहा, ‘ये मेरी गर्लफ्रेंड के लिए है. जब हम बाहर टहल रहे होते हैं या कुछ ऐसा करते हैं तो हम ये डांस स्टेप्स करते हैं. जब भी मूड थोड़ा खराब होता है, हम उस सेलिब्रेशन से एक दूसरे को खुश करते हैं. तो ये उसके लिए था.’ भारतीय गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को रोकने के लिए हालात का पूरा फायदा उठाया, जिससे मेजबान टीम 185 रन पर ऑलआउट हो गई.

Leave a Comment