Hong Kong Sixes 2026: हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेज टूर्नामेंट के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने टीम इंडिया के स्क्वॉड में बड़ा बदलाव किया है. अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को न्यूजीलैंड दौरे के लिए नेशनल टीम में शामिल किए जाने के बाद उन्होंने इस छह ओवर वाले टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है.
भुवनेश्वर पहले 7 सदस्यीय भारतीय टीम की कप्तानी करने वाले थे. उनके हटने के बाद अब स्टार ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या को टीम इंडिया का नया कप्तान नियुक्त किया गया है.
क्रुणाल बने कप्तान, रिप्लेसमेंट का भी ऐलान
भारत का न्यूजीलैंड दौरा 22 अक्टूबर से शुरू हो रहा है, जिसकी तारीखें 30 अक्टूबर से शुरू होने वाले हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेज से टकरा रही हैं. इसी कारण भुवी को इस टूर्नामेंट से हटना पड़ा है.
वहीं, भुवनेश्वर कुमार के रिप्लेसमेंट के रूप में गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कुलवंत खेजरोलिया को टीम में शामिल किया गया है. हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेज टूर्नामेंट 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा.
कप्तानी मिलने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के स्टार क्रुणाल पंड्या ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर अपनी नई जिम्मेदारी की पुष्टि की है. क्रुणाल ने फैंस से हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेज में टीम इंडिया का हौसला बढ़ाने की अपील की है. आईपीएल में क्रुणाल के पास 6 मैचों में कप्तानी का अनुभव है, जहां उन्होंने 3 मैचों में जीत और 2 में हार का सामना किया है.
पिछले सीजन भारत को मिली थी हार
साल 2025 का हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेज सीजन भारत के लिए काफी निराशाजनक रहा था. उस समय रॉबिन उथप्पा और दिनेश कार्तिक जैसे पूर्व दिग्गजों से सजी भारतीय टीम को ग्रुप स्टेज में कमजोर कुवैत के हाथों हार का सामना करना पड़ा था. इसके बाद बाउल फाइनल्स में भी टीम नेपाल, यूएई और श्रीलंका से हारकर सबसे निचले पायदान पर रही थी, वहीं चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान ने खिताब अपने नाम किया था. ऐसे में इस बार बीसीसीआई ने इन-फॉर्म घरेलू और आईपीएल सितारों को चुना गया है, जो अपना हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेज डेब्यू करने के लिए तैयार हैं.
भारत का 7 सदस्यीय अपडेटेड स्क्वॉड
क्रुणाल पंड्या, नीतीश राणा, राहुल त्रिपाठी, शशांक सिंह, राहुल तेवतिया, टी. नटराजन और कुलवंत खेजरोलिया.