स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। मंगलवार देर रात इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच रोमांचक टी-20 मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले में इंग्लैंड की टीम ने श्रीलंका को 119 रनों बड़ी शिकस्त दे दी। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लिश टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 254 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
जवाब में श्रीलंकाई टीम पूरे 20 ओवर नहीं खेल सकी और 19 ओवर में 135 रनों पर ढेर हो गई।
इंग्लैंड की ओर से ओपनर बल्लेबाज जोस बटलर ने धमाकेदार फिफ्टी लगाई और कप्तान हैरी ब्रूक ने भी बल्ले का दम दिखाते हुए 250 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से शतक ठोका। मुकाबले में इंग्लैंड की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और एन्यूरिन डोनाल्ड 5 गेंदों पर 12 रन बनाकर कैच आउट हो गए।
इसके बाद जोस बटलर को कप्तान ब्रूक का साथ मिला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 60 गेंदों पर 128 रन जोड़े। 13वें ओवर की पहली गेंद पर वानिंदु हसरंगा ने बटलर को डुनिथ वेल्लालगे के हाथों कैच आउट कराया। बटलर ने 44 गेंदों पर 8 चौकों और 3 सिक्स की बदौलत 80 रन की पारी खेली।
रोहित से आगे निकले बटलर
अनुभवी ओपनर बटलर ने इसके साथ भारतीय बल्लेबाज और हिटमैन के नाम से मशहूर रोहित शर्मा का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया। अब जोस बटलर रोहित शर्मा को पीछे छोड़ टी-20 क्रिकेट प्रारुप में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए।
टी-20 में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पाक बल्लेबाज बाबर आजम पहले स्थान पर बने हुए हैं। अब बटलर दूसरे और रोहित शर्मा तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। इसके अलावा महान दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली चौथे स्थान पर काबिज है।
टी-20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज…
4596 – बाबर आजम (136 पारियां)
4292 – जोस बटलर (148 पारियां)
4231 – रोहित शर्मा (151 पारियां)
4188 – विराट कोहली (117 पारियां)
3895 – पॉल स्टर्लिंग (160 पारियां)
3531 – मार्टिन गप्टिल (118 पारियां)
3414 – मोहम्मद रिजवान (93 पारियां)