Duleep Trophy: मुकेश ने छुए शमी के पैर. दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में बरपाया कहर, मिलकर चटकाए 12 विकेट

Duleep Trophy 2026, Central Zone vs East Zone: दलीप ट्रॉफी 2026 के पहले सेमीफाइनल में ईस्ट जोन के तेज गेंदबाजों ने अपनी स्विंग और रफ्तार से सेंट्रल जोन के बल्लेबाजों को घुटनों पर ला दिया.

पहली पारी में 266 रनों पर सिमटने के बाद सेंट्रल जोन की दूसरी पारी को मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार की घातक जोड़ी ने सिर्फ 158 रनों पर ढेर कर दिया. पूरे मुकाबले में इस तेज गेंदबाजी जोड़ी ने मिलकर 12 विकेट चटकाए.

मुकेश-शमी की जोड़ी ने किया कमाल

इस मुकाबले में ईस्ट जोन की ओर से कमाल की गेंदबाजी देखने को मिली. मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार की जोड़ी ने लगातार विकेट चटकाए. सेंट्रल जोन की पहली पारी 266 रन पर समेटने के बाद दूसरी पारी में भी मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार छाए रहे. पहली पारी में मोहम्मद शमी 2 विकेट और मुकेश कुमार ने 3 विकेट चटकाए. वहीं, मुकेश कुमार ने दूसरी पारी में 12 ओवर में 44 रन देकर 4 विकेट हासिल किए. दूसरी ओर, अनुभवी मोहम्मद शमी ने 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. अभिजीत सरकार, अनुकूल रॉय और क़ुनैन कुरैशी को भी 1-1 सफलता मिली.

मुकेश कुमार ने छुए शमी के पैर

इस सेमीफाइनल में एक खास पल भी देखने को मिला. दरअसल, सेंट्रल जोन के कप्तान रजत पाटीदार के लिए यह मैच काफी निराशाजनक रहा. दोनों पारियों में वो मुकेश कुमार की अंदर आती गेंद पर बिल्कुल एक ही अंदाज में प्लेड-ऑन होकर बोल्ड हुए. पहली पारी में उन्होंने 12 और दूसरी पारी में सिर्फ 5 रन बनाए. दूसरी पारी में पाटीदार का विकेट चटकाने के तुरंत बाद मुकेश कुमार ने अपने सीनियर साथी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया, जिसका वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर छा गई.

ताश के पत्तों की तरह बिखरा सेंट्रल जोन

दूसरी पारी में 158 रनों के स्कोर तक पहुंचने में सेंट्रल जोन का कोई भी बल्लेबाज टिककर बड़ी पारी नहीं खेल सका. शुरुआत में ही टीम ने 37 रन पर 3 और 95 रन तक पहुंचते-पहुंचते 7 विकेट गंवा दिए. इस दौरान अमन मोखाड़े ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 41 रन बनाए. वहीं, अंत में हर्ष दुबे के 24 रन और अरशद खान के 25 रन ने संघर्ष करते हुए स्कोर को 150 के पार पहुंचाया.

Leave a Comment