Ishan Kishan Hundred In Duleep Trophy Final: दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल मुकाबला ईस्ट जोन और साउथ जोन की टीमों के बीच चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है. इस मुकाबले के पहले दिन ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और अपने यादगार शतक के साथ इसे सही भी साबित किया.
साउथ जोन के खिलाफ फाइनल जैसे बड़े मंच पर झारखंड के इस बाएं हाथ के विकेटकीपर-बल्लेबाज ने बेखौफ अंदाज में बल्लेबाजी की और सिर्फ 122 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. शतक तक पहुंचने के दौरान ईशान ने 12 चौके और 2 छक्के जड़े.
ईशान किशन का ऐतिहासिक शतक
ईशान की इस कप्तानी पारी के दम पर ईस्ट जोन ने खिताबी जंग के पहले ही दिन साउथ जोन के गेंदबाजों पर भारी दबाव बना दिया. ईशान किशन का यह फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 10वां शतक है. वहीं, टूर्नामेंट के इतिहास में यह उनका दूसरा शतक रहा. इससे ठीक दो साल पहले उन्होंने अनंतपुर में इंडिया सी की ओर से खेलते हुए 111 रनों की उम्दा पारी खेली थी. दलीप ट्रॉफी के इन दो शतकों के अलावा ईशान के बाकी 8 शतक रणजी ट्रॉफी में झारखंड के लिए आए हैं.
टेस्ट टीम में वापसी की मजबूत दावेदारी
ईशान किशन ने भारत के लिए अपना आखिरी टेस्ट मुकाबला साल 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था. अपने छोटे से टेस्ट करियर में उन्होंने 3 पारियों में 73 रन बनाए हैं, जिसमें पोर्ट ऑफ स्पेन में खेली गई नाबाद 52 रनों की तूफानी अर्धशतकीय पारी भी शामिल है. टेस्ट फॉर्मेट में 3 साल के जगह ना बनाने के बाद घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बटोर रहे ईशान ने दलीप ट्रॉफी के फाइनल में शतक ठोककर सेलेक्टर्स का ध्यान एक बार फिर अपनी ओर खींच लिया है.
ईस्ट जोन के नाम रहा पहला दिन
ईशान किशन खेल के पहले दिन 111 रन बनाकर नाबाद रहे, वहीं कुमार कुशाग्रा ने भी नाबाद 63 रन बनाए. जिसके चलते ईस्ट जोन की टीम खेल के पहले दिन 4 विकेट के नुकसान पर 385 रन बनाने में कामयाब रही. इस दौरान अभिमन्यु ईश्वरन ने 72 रन और वैभव सूर्यवंशी ने 44 रन बनाकर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई. वहीं, शिखर मोहन ने भी अहम 85 रन बनाए. दूसरी ओर साउथ जोन के लिए चामा मिलिंद ने 2 सफलता हासिल कीं और त्रिपुरना विजय को 1 विकेट मिला.