चेन्नई। दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में साउथ जोन और ईस्ट जोन के बीच जोरदार मुकाबला देखने को मिलेगा। फाइनल में केएल राहुल नहीं खेलेंगे, लेकिन मोहम्मद सिराज और देवदत्त पडिक्कल की एंट्री ने मुकाबले का रोमांच बढ़ा दिया है।
तिलक वर्मा साउथ जोन की कप्तानी करेंगे, जबकि ईस्ट जोन की कमान ईशान किशन के हाथों में होगी।
सिराज की गेंदबाजी पर नजर
श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट में दो शतक लगाने वाले पडिक्कल और तेज गेंदबाज सिराज के साउथ की प्लेइंग इलेवन में सीधे जगह बनाने की उम्मीद है। सिराज श्रीलंका दौरे पर 125-130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक ही गेंदबाजी कर पाए थे। अब वह अपनी पुरानी लय हासिल करने की कोशिश में हैं। चेपॉक की उछाल वाली लाल मिट्टी की पिच पर उनका पूरा रफ्तार से गेंदबाजी करना बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है।
वैभव ने इसी मैदान पर जड़ा था शतक
दूसरी ओर ईस्ट जोन भी सितारों से सजी है। ईशान किशन कप्तान और वैभव सूर्यवंशी उपकप्तान होंगे। 18 वर्षीय वैभव ने फाइनल से एक दिन पहले सुबह 11 बजे ही नेट्स में बल्लेबाजी शुरू कर दी और तुरंत लय में नजर आए। उनका चेपॉक से खास कनेक्शन भी है। अक्टूबर 2024 में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ इसी मैदान पर सिर्फ 58 गेंदों में शतक जड़ा था। तब स्टेडियम में दर्शक नहीं थे, लेकिन इसी पारी ने उन्हें जूनियर चयनकर्ताओं की नजरों में ला दिया था।
साउथ के श्रीयस गोपाल भी इस मुकाबले में खास उपलब्धि हासिल करेंगे। चेन्नई सुपर किंग्स में पिछले दो सीजन बेंच पर रहने वाले गोपाल अपने आईपीएल होम ग्राउंड चेपॉक पर 100वां प्रथम श्रेणी मुकाबला खेलेंगे। 2024 में केरल से कर्नाटक लौटने के बाद वह टीम के अहम स्ट्राइक गेंदबाज रहे हैं और उनकी बल्लेबाजी भी टीम को संतुलन देती है।
साउथ को सेमीफाइनल में चोटिल हुए विद्वथ कावेरप्पा की कमी खलेगी। उनकी जगह सीवी मिलिंद को टीम में शामिल किया गया है। तिलक ने संकेत दिए हैं कि ईस्ट की बाएं हाथ के बल्लेबाजों वाली लाइनअप को देखते हुए विजय टी. को मौका मिल सकता है।
फाइनल के लिए चेपॉक की लाल मिट्टी वाली पिच से अच्छा बाउंस और कैरी मिलने की उम्मीद है। ईशान और तिलक दोनों का मानना है कि चौथे-पांचवें दिन पिच स्पिनरों की मदद कर सकती है। हालांकि चेन्नई में बारिश का खतरा भी है। मंगलवार और बुधवार को बारिश का पूर्वानुमान है।
फाइनल पहले बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में होना था, लेकिन दर्शकों को मैदान में आने का मौका देने के लिए इसे चेपॉक शिफ्ट किया गया। तमिलनाडु क्रिकेट संघ ने सी, डी और ई लोअर स्टैंड में दर्शकों के लिए मुफ्त प्रवेश की घोषणा की है। रविवार को फाइनल के पहले दिन बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है।