BCCI इस पूर्व क्रिकेटर को सौंपेगा जिम्मेदारी? जूनिया सेलेक्शन कमिटी की संभालेंगे कमान.

पूर्व भारतीय स्पिनर रमेश पोवार जल्द ही बीसीसीआई की राष्ट्रीय जूनियर सेलेक्शन कमिटी के नए चेयरमैन बन सकते हैं.रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) नई जूनियर सेलेक्शन कमिटी बनाने की तैयारी में है और पोवार को इसका प्रमुख बनाए जाने की संभावना है . पोवार ने 2000 के दशक के बीच में भारत के लिए क्रिकेट खेला था और बाद में कोचिंग के क्षेत्र में भी काम किया .

रमेश पोवार इससे पहले भारतीय विमेंस क्रिकेट टीम के हेड कोच की भूमिका निभा चुके हैं. हाल ही में वह 2025-26 सीजन में गुजरात की सीनियर मेंस टीम के हेड कोच थे. हालांकि, अब उन्होंने गुजरात के साथ अपनी जिम्मेदारी से आगे बढ़ने का फैसला किया है. ऐसे में बीसीसीआई की जूनियर सेलेक्शन कमिटी में नई भूमिका उनके लिए एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी.

जूनियर टीमों के चयन की होगी जिम्मेदारी
बीसीसीआई ने 24 अगस्त 2026 को जूनियर क्रिकेट समिति के पांच पदों के लिए आवेदन मांगे थे. नई समिति अंडर-22 तक की आयु वर्ग वाली भारतीय टीमों का चयन करेगी. इसमें कोचिंग कैंप, घरेलू मुकाबले और भारत के घरेलू व विदेशी दौरे शामिल होंगे. समिति खिलाड़ियों की प्रतिभा पहचानने और उनके प्रदर्शन का आकलन करने का काम भी करेगी. इसके अलावा भविष्य के लिए मजबूत खिलाड़ियों का पूल तैयार करना भी उसकी अहम जिम्मेदारी होगी.

कप्तान चुनने से लेकर खिलाड़ियों के विकास तक काम
जूनियर सेलेक्शन कमिटी खिलाड़ियों के प्रदर्शन और विकास पर नजर रखेगी और समय-समय पर उनकी रिपोर्ट तैयार करेगी. समिति अलग-अलग फॉर्मेट के लिए कप्तानों की नियुक्ति भी करेगी. इसके अलावा बीसीसीआई के जूनियर टूर्नामेंट और विदेशी दौरों से जुड़े काम भी समिति के जिम्मे होंगे. युवा खिलाड़ियों को ड्रग्स, सट्टेबाजी और मैच फिक्सिंग जैसे मामलों से दूर रखने के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे. नियमों के अनुसार, आवेदन करने वाले खिलाड़ी ने कम से कम 25 प्रथम श्रेणी मैच खेले हों और उसे क्रिकेट से संन्यास लिए कम से कम पांच साल हो चुके हों.

Leave a Comment