दक्षिण अफ्रीका को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली घरेलू सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है. टीम के स्टार तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा गंभीर हैमस्ट्रिंग चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो सकते हैं.
ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच 24 सितंबर से तीन वनडे मैच खेले जाएंगे, जबकि दोनों टीमें 9 अक्टूबर से टेस्ट सीरीज में आमने-सामने होंगी. रबाडा की गैरमौजूदगी से दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाजी आक्रमण पर काफी असर पड़ सकता है.
30 साल के कागिसो रबाडा को दाहिनी हैमस्ट्रिंग में ग्रेड-3 टियर हुआ है. क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने पहले ही बताया था कि ट्रेनिंग के दौरान रबाडा को हैमस्ट्रिंग की परेशानी हुई थी, लेकिन चोट की गंभीरता सामने नहीं आई थी. अब लायंस के गेंदबाजी कोच और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज एलन डोनाल्ड ने बताया है कि रबाडा को ठीक होने में करीब 10 सप्ताह लग सकते हैं. इसका मतलब है कि वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भी नहीं खेल पाएंगे.
ग्रेड-3 चोट कितनी गंभीर है?
रबाडा को उम्मीद थी कि वह 10 सितंबर को बोलैंड के खिलाफ लायंस के शुरुआती चार दिवसीय मुकाबले में वापसी कर लेंगे. हालांकि, मेडिकल जांच के बाद उनकी वापसी में ज्यादा समय लगने की बात सामने आई है. ग्रेड-3 हैमस्ट्रिंग चोट सबसे गंभीर चोट मानी जाती है. इसमें मांसपेशी या टेंडन पूरी तरह या लगभग पूरी तरह फट सकता है. ऐसी चोट के बाद खिलाड़ी को कई हफ्तों तक चलने में भी परेशानी हो सकती है और कुछ मामलों में सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रबाडा का रिकॉर्ड शानदार
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रबाडा का रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है. उन्होंने 11 टेस्ट मैचों में 58 विकेट लिए हैं और उनका गेंदबाजी औसत 21.40 रहा है. 2018 में ऑस्ट्रेलिया के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर उन्होंने चार टेस्ट में 23 विकेट चटकाए थे. अब रबाडा की गैरमौजूदगी में गेराल्ड कोएट्जी, कॉर्बिन बॉश और युवा तेज गेंदबाज क्वेना मफाका पर अतिरिक्त जिम्मेदारी होगी. दक्षिण अफ्रीका नांद्रे बर्गर की फिटनेस पर भी नजर रखेगा, जो स्ट्रेस फ्रैक्चर से उबर रहे हैं और टेस्ट सीरीज तक फिट हो सकते हैं.