India vs Pakistan Hockey Semifinal: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने में अपने पूल ए अभियान का अंत लगातार पांचवीं जीत के साथ किया. सोमवार को तेज बारिश और पानी से भरे मैदान पर भारत ने बांग्लादेश को 10-0 से हरा दिया.
इस जीत के साथ भारत पूल ए में शीर्ष पर रहा और अब 1 अक्टूबर को सेमीफाइनल में पाकिस्तान से भिड़ेगा.
भारत ने पूल ए में दर्ज की लगातार पांचवीं जीत
भारत ने पूल ए में अपने सभी पांच मुकाबले जीते. टीम ने इंडोनेशिया, श्रीलंका, जापान, दक्षिण कोरिया और बांग्लादेश को हराया. इन पांच मैचों में भारत ने कुल 45 गोल के अंतर के साथ अपना अभियान खत्म किया.
बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने हैट्रिक लगाई, जबकि शिलानंद लाकड़ा ने दो गोल किए. भारत की ओर से अभिषेक, सुखजीत सिंह, जुगराज सिंह, संजय और मंदीप सिंह ने भी गोल किए.
बारिश के बीच 30 मिनट देर से शुरू हुआ मैच
मुकाबले के दौरान भारी बारिश ने खिलाड़ियों की मुश्किलें बढ़ा दीं. मैदान पर पानी जमा होने के कारण गेंद की रफ्तार प्रभावित हुई और खिलाड़ियों के लिए तेज पास और मूवमेंट करना आसान नहीं था.
इससे पहले पाकिस्तान और ओमान के मैच को भी बारिश के कारण करीब 15 मिनट रोकना पड़ा था. इसका असर दिन के बाद के मुकाबलों के कार्यक्रम पर पड़ा और भारत-बांग्लादेश मैच करीब 30 मिनट की देरी से शुरू हुआ.
तीसरे मिनट में अभिषेक ने खोला खाता
भारत ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया. तीसरे मिनट में संजय ने सर्कल के अंदर से अभिषेक को गेंद दी. अभिषेक ने अपनी जगह बनाते हुए रिवर्स हिट लगाया, जो सीधे गोल में गया.
इससे भारत ने 1-0 की बढ़त बना ली. पहले क्वार्टर में भारत ने लगातार हमले किए, लेकिन बांग्लादेश की रक्षा को भेदकर दूसरा गोल नहीं कर सका.
बांग्लादेश को 12वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला. अमीरुल इस्लाम के ड्रैग-फ्लिक को भारतीय गोलकीपर सूरज करकेरा ने रोक दिया.
जुगराज और हरमनप्रीत ने दिलाई 3-0 की बढ़त
दूसरे क्वार्टर में बारिश और तेज हो गई. 22वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला. जुगराज सिंह के ड्रैग-फ्लिक पर बांग्लादेश के डिफेंडर के पैर से गेंद लगने के बाद भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला.
जुगराज ने इस मौके को गोल में बदलकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी.
इसके बाद 27वें मिनट में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला. कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने जोरदार फ्लिक लगाकर गेंद को गोल में पहुंचाया. हाफ टाइम तक भारत 3-0 से आगे था.
तीसरे क्वार्टर में भारत ने दागे पांच गोल
ब्रेक के बाद भारत ने आक्रमण और तेज कर दिया. 32वें मिनट में दिलप्रीत सिंह और सुखजीत सिंह ने शानदार तालमेल दिखाया. दोनों के तेज पास ने बांग्लादेश के गोलकीपर को छकाया और सुखजीत ने आसान गोल कर दिया.
इसके बाद 40वें मिनट में हरमनप्रीत ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 5-0 कर दिया.
44वें और 45वें मिनट में शिलानंद लाकड़ा ने लगातार दो गोल दागे. इसके तुरंत बाद हरमनप्रीत ने अपना तीसरा गोल कर हैट्रिक पूरी की.
तीसरे क्वार्टर के अंत तक भारत की बढ़त 8-0 हो चुकी थी.
आखिरी क्वार्टर में भी भारत नहीं रुका
भारी बारिश के कारण चौथे क्वार्टर में मैदान की स्थिति और मुश्किल हो गई. पानी जमा होने से गेंद को तेजी से आगे बढ़ाना दोनों टीमों के लिए चुनौती बन गया.
इसके बावजूद भारत ने दो और गोल किए. मैच के 59वें मिनट में संजय ने पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार ड्रैग-फ्लिक के जरिए भारत का नौवां गोल किया. इसके बाद 60वें मिनट में मंदीप सिंह ने रिबाउंड पर गोल कर भारत को 10-0 की बड़ी जीत दिला दी.
अब सेमीफाइनल में पाकिस्तान से मुकाबला
बांग्लादेश पर जीत के साथ भारत ने पूल ए में अपना अभियान शीर्ष स्थान पर खत्म किया. अब टीम को दो दिन का ब्रेक मिलेगा.
भारत का अगला मुकाबला 1 अक्टूबर को सेमीफाइनल में पाकिस्तान से होगा. दूसरे सेमीफाइनल में मलेशिया और दक्षिण कोरिया आमने-सामने होंगे.