APL 2026: इंग्लैंड जिस देश से नहीं खेलता सीरीज, अब वहां की लीग में खेलेंगे इंग्लिश खिलाड़ी, ECB ने दी हरी झंडी

Afghanistan Premier League 2026: इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने एक बड़ा फैसला लिया है. ECB ने अपने खिलाड़ियों को अफगानिस्तान की टी20 लीग अफगानिस्तान प्रीमियर लीग (APL 2026) में खेलने के लिए एनओसी (NOC) देने का मन बना लिया है और उन्हें लीग में भाग लेने की हरी झंडी दिखा दी है.

यह टूर्नामेंट 27 दिसंबर से शुरू होने जा रहा है, वहीं इसके लिए खिलाड़ियों का आधिकारिक ड्राफ्ट 24 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा.

इंग्लैंड ने लिया चौंकाने वाला फैसला

यह फैसला इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि ईसीबी लंबे समय से अफगानिस्तान में मानवाधिकारों और विशेषकर महिलाओं के अधिकारों को लेकर वहां के शासन की कड़ी आलोचना करता रहा है. इसी रुख के चलते इंग्लैंड ने अफगानिस्तान के खिलाफ किसी भी बाइलेटरल सीरीज में खेलने से परहेज किया हुआ है. इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया आईसीसी के सिर्फ दो ऐसे फूल मेंबर देश हैं जिन्होंने आज तक अफगानिस्तान के खिलाफ तीनों फॉर्मेट में कोई भी बाइलेटरल सीरीज नहीं खेली है.

साल 2026 की शुरुआत में ईसीबी के अध्यक्ष रिचर्ड थॉम्पसन ने भी सार्वजनिक रूप से इन चिंताओं को दोहराया था और अफगान लीग में अंग्रेज क्रिकेटरों की भागीदारी पर सवाल उठाए थे. हालांकि आईसीसी टूर्नामेंट्स में इंग्लैंड ने अफगानिस्तान के खिलाफ मैच खेले हैं. अब मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बोर्ड ने खिलाड़ियों को अपनी मर्जी से 27 दिसंबर से शुरू होने वाली इस लीग में खेलने की इजाजत देने का फैसला किया है.

इन स्टार खिलाड़ियों ने कराया रजिस्ट्रेशन

एपीएल का आयोजन ऐसे समय हो रहा है जब इंग्लैंड की नेशनल टीम इंटरनेशनल सीरीज खेल रही होगी. ऐसे में कई स्टार खिलाड़ी इस लीग का हिस्सा नहीं बन पाएंगे. वहीं, ड्राफ्ट के लिए जारी की गई लिस्ट में ईसीबी से सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट रखने वाले सिर्फ दो नाम ओली पोप और तेज गेंदबाज ल्यूक वुड शामिल हैं. इनके अलावा इंग्लैंड के मोईन अली जेसन रॉय, जेम्स विंस, रीस टॉप्ली, टॉम कोहलर-कैडमोर और लॉरी इवांस भी इस लिस्ट का हिस्सा हैं.

Leave a Comment