भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए इंग्लैंड टीम घोषित, इस खिलाड़ी को पहली बार मिला मौका

England ODI Squad: इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने भारत के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए 16 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है. दोनों टीमों के बीच सीरीज का पहला मुकाबला 14 जुलाई से खेला जाएगा.

इस टीम में स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर जेम्स कोल्स को पहली बार इंग्लैंड की सीनियर टीम में शामिल किया गया है.

22 वर्षीय जेम्स कोल्स घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट में 425 रन बनाने के साथ 26 विकेट भी अपने नाम किए हैं. उनके शानदार प्रदर्शन का इनाम अब उन्हें राष्ट्रीय टीम में चयन के रूप में मिला है.

जोफ्रा आर्चर की हुई वापसी

इंग्लैंड ने इस सीरीज के लिए अपने तेज गेंदबाजी आक्रमण को भी मजबूत किया है. टीम में जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, साकिब महमूद और जोश टंग को शामिल किया गया है. वहीं, जैक क्रॉली और ल्यूक वुड को टीम से बाहर कर दिया गया है. इसके अलावा जेमी ओवरटन और ब्रायडन कार्स चोट के कारण चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे.

इंग्लैंड की वनडे टीम

हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, जेम्स कोल्स, सैम करन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, साकिब महमूद, आदिल राशिद, जो रूट और जोश टंग.

जैकब बेथेल को करेंगे ओपनिंग

रिपोर्ट्स के मुताबिक इंग्लैंड टीम मैनेजमेंट जैकब बेथेल को वनडे क्रिकेट में ओपनिंग की नई जिम्मेदारी सौंप सकता है. 22 वर्षीय बेथेल अब तक 21 वनडे मैचों में 603 रन बना चुके हैं, लेकिन उन्होंने ज्यादातर मध्यक्रम में बल्लेबाजी की है. भारत के खिलाफ घरेलू परिस्थितियों में उन्हें शीर्ष क्रम में खुद को साबित करने का बड़ा मौका मिल सकता है. इंग्लैंड 2027 वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए अपनी ओपनिंग जोड़ी को लेकर प्रयोग कर रहा है. कप्तान हैरी ब्रूक के साथ बेथेल को ओपनिंग में उतारकर टीम भविष्य की तैयारियों को परखना चाहती है.

भारत-इंग्लैंड वनडे सीरीज का शेड्यूल

  • पहला वनडे: 14 जुलाई, एजबेस्टन, बर्मिंघम (दोपहर 3:30 बजे IST)
  • दूसरा वनडे: 16 जुलाई, सोफिया गार्डन्स, कार्डिफ (शाम 5:30 बजे IST)
  • तीसरा वनडे: 19 जुलाई, लॉर्ड्स, लंदन (दोपहर 3:30 बजे IST)

Leave a Comment