ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने रविवार को सिडनी में इंग्लैंड के खिलाफ दमदार शतक लगाया। लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। इस पारी के दौरान उन्होंने फुल-मेंबर देशों के बीच टी20 इंटरनेशनल मैच की दूसरी पारी में रन-चेज के दौरान हारने वाली टीम की ओर से व्यक्तिगत स्कोर बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
ऑस्ट्रेलिया के लिए रविवार को चौथे टी20 मुकाबले में लक्ष्य का पीछा करते हुए मिचेल मार्श की 57 गेंद में खेली गई 119 रन की तूफानी पारी भी काम नहीं आ सकी और इंग्लैंड ने सात रन से जीत दर्ज कर पांच मैच की सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त बना ली।
मार्श नहीं दिला सके जीत
सिडनी क्रिकेट मैदान पर जीत के लिए 182 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदें पूरी तरह उसके कप्तान मार्श (नौ चौके और इतने ही छक्के) की विस्फोटक बल्लेबाजी पर टिकी थीं। आखिरी ओवर में ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 12 रन की जरूरत थी और मार्श क्रीज पर मौजूद थे, लेकिन वह टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके। वह अंतिम ओवर की चौथी गेंद पर हेनरी क्रोकोम्बे की गेंद पर विकेट के पीछे कैच आउट हो गए।
कप्तान के नाम जुड़ा अनचाहा रिकॉर्ड
मिशेल मार्श फुल-मेंबर देशों के बीच एक टी20 इंटरनेशनल मैच की दूसरी पारी में लक्ष्य का पीछा करते हुए हारने वाली टीम की ओर से हाईएस्ट व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इसके अलावा टी20 इंटरनेशनल में हारने वाले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के शेन वॉटसन ने 2016 में सिडनी में भारत के खिलाफ 71 गेंदों पर नाबाद 124 रन और ऋतुराज गायकवाड़ ने 2023 में गुवाहाटी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 57 गेंदों पर नाबाद 123 रन बनाए थे, हालांकि ये रिकॉर्ड पहली पारी में बने हैं। नॉन फुल-मेंबर देशों की बात करें तो हांगकांग के बाबर हयात ने 2016 में ओमान के खिलाफ दूसरी पारी में 60 गेंदों पर 122 रन बनाए थे।
इससे ऑस्ट्रेलियाई टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 174 रन ही बना सकी, जबकि इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 181 रन बनाए थे। इंग्लैंड की टीम शुरू में बड़े स्कोर की ओर बढ़ती नहीं दिख रही थी। लेकिन सैम करन ने 28 गेंद में नाबाद 50 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। अब सीरीज का आखिरी मुकाबला बुधवार को कैनबरा में खेला जाएगा। इंग्लैंड ने इससे पहले तीन मैच की वनडे सीरीज भी 2-1 से जीती थी।