भारत नबंर-4, वेस्टइंडीज नंबर-1…न्यूजीलैंड में चौथी पारी में सबसे बड़ा स्कोर करने वाली टॉप-10 टीमें

ध्रुव जुरेल की 88 रनों की पारी के दम पर भारत ने भले ही क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के दूसरे मैच में फॉलो-ऑन टाल लिया हो, लेकिन दिन के अंत तक न्यूजीलैंड ने मैच पर पूरी तरह से अपनी पकड़ बना ली थी.

तीसरे दिन स्टंप्स तक ब्लैक कैप्स की बढ़त 243 रनों की थी. दूसरी पारी में मेजबान टीम ने 133 रन बना लिए हैं और सिर्फ 3 विकेट गंवाए हैं. कीवी टीम की नजरें चौथे दिन कम से कम दो सेशन खेलने की होगी और अपनी बढ़त को 400 पार लेकर जाने की होगी. अगर न्यूजीलैंड ऐसा करने में सफल हुई मैच अपने नाम करने के लिए भारतीय टीम को चमत्कार करना होगा.

न्यूजीलैंड में टेस्ट की चौथी पारी का रिकॉर्ड

न्यूजीलैंड में सिर्फ तीन बार चौथी पारी में 400 से अधिक का स्कोर हुआ है. इस देश में चौथी पारी में सबसे बड़ा स्कोर करने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के नाम है, जिन्होंने छह विकेट के नुकसान पर पिछले साल 457 रन बनाए थे. यह मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ था. इसके बाद दूसरे स्थान पर खुद ब्लैक कैप्स है. उन्होंने 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ 451 रन बनाए थे. हालांकि, उन्हें उस मैच में हार का सामना करना पड़ा था. तीसरे स्थान पर भी न्यूजीलैंड ही है. उन्होंने 2008 में इंग्लैंड के खिलाफ 431 रन बनाए थे.

न्यूजीलैंड में टेस्ट में चौथी पारी में सबसे सफल रन चेज का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के नाम है. उन्होंने 1969 में 348 रन बनाकर न सिर्फ मैच जीता था बल्कि इतिहास भी रचा था. यह न्यूजीलैंड में 300 से अधिक के लक्ष्य का पीछा करते हुए किसी भी टीम को मिली पहली जीत थी. इसके बाद सिर्फ दो बार यह कारनामा और हुआ था. 1994 में न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ 324 रन बनाकर मैच जीता था. जबकि 1997 में इंग्लैंड ने कीवी टीम के खिलाफ 307 रन बनाकर मैच अपने नाम किया था.

न्यूजीलैंड में टेस्ट की चौथी पारी के सबसे बड़े स्कोर

  • 457/6 – वेस्टइंडीज बनाम न्यूजीलैंड, क्राइस्टचर्च (2025) – ड्रॉ
  • 451 – न्यूजीलैंड बनाम इंग्लैंड, क्राइस्टचर्च (2002) – हार
  • 431 – न्यूजीलैंड बनाम इंग्लैंड, नेपियर (2008) – हार
  • 366 – भारत बनाम न्यूजीलैंड, ऑकलैंड (2014) – हार
  • 348/5 – वेस्टइंडीज बनाम न्यूजीलैंड, ऑकलैंड (1969) – जीत
  • 344/6 – श्रीलंका बनाम न्यूजीलैंड, हैमिल्टन (1991) – ड्रॉ
  • 324/5 – न्यूजीलैंड बनाम पाकिस्तान, क्राइस्टचर्च (1994) – जीत
  • 315/9 – इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड, ऑकलैंड (2013) – ड्रॉ
  • 311 – न्यूजीलैंड बनाम इंग्लैंड, वेलिंग्टन (2008) – हार
  • 307/6 – इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड, क्राइस्टचर्च (1997) – जीत
  • 302 – न्यूजीलैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया, हैमिल्टन (2010) – हार

हेगली ओवल में चौथी पारी का रिकॉर्ड

300 रन से कम के लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों ने 8 में से 8 मैच जीते हैं. इन सफल चेज का दायरा 104 रन से 285 रन तक रहा है. 300+ रन के लक्ष्य वाले चार मुकाबलों में. 2 मैच ड्रॉ रहे हैं, जबकि 2 मैच चेज करने वाली टीम हार गई हैं. हेगली ओवल में कोई भी टीम 300+ लक्ष्य का सफल पीछा नहीं कर सकी है.अगर भारत को 300 से ज्यादा का लक्ष्य मिला है, तो उसे हेगली ओवल का इतिहास बदलना होगा.

तीसरा दिन रहा न्यूजीलैंड के नाम

ध्रुव जुरेल ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की सबसे प्रभावशाली पारी खेली लेकिन इसके बावजूद न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ दूसरे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच के तीसरे दिन रविवार को अपनी कुल बढ़त 243 रन पर पहुंचाकर मैच पर पकड़ मजबूत कर ली. पहली पारी में 110 रन की बढ़त हासिल करने वाले न्यूजीलैंड ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में तीन विकेट पर 133 रन बनाए. इससे पहले भारत ने न्यूजीलैंड के 356 रन के जवाब में अपनी पहली पारी में 246 रन बनाए थे.

जुरेल ने लगभग सवा चार घंटे तक चली अपनी पारी में 170 गेंद पर 88 रन बनाए जिसमें 14 चौके शामिल हैं. उनकी यह पारी इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत एक समय सात विकेट पर 117 रन बनाकर फॉलाऑन करने की स्थिति में दिख रहा था. न्यूजीलैंड की तरफ से दूसरी पारी में डेवोन कॉनवे ने 51 रन बनाए. स्टंप उखड़ने के समय रचिन रविंद्र 46 रन और डेरिल मिचेल पांच रन पर खेल रहे थे. भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह ने 34 रन देकर दो जबकि वाशिंगटन सुंदर ने 14 रन देकर एक विकेट लिया है.

भारत को हालांकि तीसरे दिन तब करारा झटका लगा जब पहली पारी में उसके सबसे सफल गेंदबाज आकाश दीप सिर में चोट लगने के कारण मैच से बाहर हो गए. उनके स्थान पर ‘कनकशन सब्स्टीट्यूट’ के रूप में प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल किया गया जो अभी तक खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं.

Leave a Comment