एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में पाकिस्तान ए का प्रदर्शन दमदार रहा है. हालांकि, कुछ मौकों पर इस टीम की बल्लेबाजी फेल होती दिखी है. मगर फाइनल में बैटिंग इस तरह दगा देगी, ये शायद ही पाकिस्तान ए में किसी ने सोचा होगा.
श्रीलंका ए की कसी हुई गेंदबाजी के सामने फाइनल पाकिस्तान ए का ऐसा हाल हुआ कि 200 रन बनाने के भी लाले पड़ गए. किसी तरह टीम पूरे 50 ओवर खेलकर 216 रन तक पहुंच पाई. श्रीलंका ए की ओर से स्पिनर रविंदू फर्नांडो ने पाकिस्तानी बैटिंग पर ब्रेक लगाने में बड़ी भूमिका निभाई.
दोहा में रविवार 29 नवंबर को पाकिस्तान ए और श्रीलंका ए इस फाइनल में आमने-सामने थे. श्रीलंकाई टीम ने इंडिया ए को सेमीफाइनल में बुरी तरह हराकर फाइनल में जगह बनाई थी. वहीं पाकिस्तान ए ने अपने सेमीफाइनल में बांग्लादेश ए को किसी तरह हराते हुए खिताबी मुकाबले के लिए क्वालिफाई किया था. मगर फाइनल में आकर पाकिस्तान ए की बल्लेबाजी एक बार फिर बेपर्दा हो गई.
सिर्फ एक बल्लेबाज लगा सका अर्धशतक
इस टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन कर चुके युवा ओपनर माज सदाकत (5) तीसरे ओवर में ही आउट हो गए. हालांकि शमील हुसैन (40) और शाहजेब खान के बीच साझेदारी बनी लेकिन इसमें रफ्तार की कमी थी. यही कहानी इसके बाद भी जारी रही. शाहजेब ने अर्धशतक जमाते हुए पाकिस्तान ए के लिए सबसे ज्यादा 60 रन बनाए. एक वक्त पर तो पाकिस्तान ए ने सिर्फ 163 रन पर ही 8 विकेट गंवा दिए थे. वो तो रोहेल नजीर ने 37 रन की पारी खेलकर टीम को 216 के स्कोर तक पहुंचाया.
इन गेंदबाजों ने किया बेहाल
पाकिस्तान का ये हाल करने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई ऑफ स्पिनर रविंदू फर्नांडो (3/26) और बाएं हाथ के स्पिनर वानुजा सहन (2/33) ने. इन दोनों गेंदबाजों ने पाकिस्तान को सिर्फ झटके ही नहीं दिए, बल्कि एक-एक रन के लिए तरसा दिया. फर्नांडो ने सदाकत और शाहजेब के रूप में 2 बड़े विकेट निकाले, जबकि सहन ने ऑलराउंडर फरहान यूसफ को सस्ते में आउट किया. इनका बखूबी साथ दिया मीडियम पेसर गरुका संकेत (3/46) ने, जिन्होंने शमील हुसैन और नजीर को पवेलियन लौटाया.