कप्तान रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस की टीम में ले आएंगे बदलाव, कहा- ट्रॉफी भूल जाओ, पहले मौज करो

रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस का फिर से कप्तान बनाया गया है। टीम के सबसे अनुभवी बल्लेबाज रोहित 2013 से लेकर 2023 तक टीम के कप्तान रहे थे और उनकी कप्तानी में टीम ने 5 बार खिताब चूमा था हालांकि 2024 में फ्रेंचाइजी ने हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाया लेकिन लगातार सीजन में टीम के खराब प्रदर्शन और हार्दिक की लीडरशिप को लेकर उठे सवाल ने फ्रेंचाइजी को बदलाव करने के लिए मजबूर कर दिया।

आईपीएल 2027 के लिए रोहित शर्मा टीम की कमान संभालेंगे। हालांकि उन्होंने स्पष्ट मैसेज दिया है कि वह आते ही ट्रॉफी के पीछे नहीं भागना चाहते और उनका शुरुआती गोल फ्रेंचाइजी के ‘रोमांच और मस्ती’ को वापस लाने तथा प्रदर्शन को स्वाभाविक रूप से सामने आने देने पर है।

ट्रॉफी जीतने की ओर नहीं देख रहा

मुंबई इंडियंस को पांच आईपीएल खिताब दिलाने वाले रोहित अब हार्दिक पंड्या की जगह लेंगे। पंड्या ‘ट्रेड’ (खिलाड़ियों की अदला-बदली) के तहत तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के साथ हुए सौदे में पंजाब किंग्स से जुड़ गए हैं। एमआई द्वारा शेयर वीडियो में रोहित शर्मा ने कहा, ”मैं सीधे ट्रॉफी जीतने की ओर नहीं देख रहा। कल्पना करिए कि हम आईपीएल शुरू होने से एक सप्ताह दूर हैं और मेरा टीम को मैसेज होगा, ”चलो ट्रॉफी जीतते हैं,” लेकिन ऐसा नहीं होगा। क्योंकि आप सीजन की शुरुआत में ट्रॉफी नहीं जीतते, आप इसे सीजन के अंत में जीतते हैं। सीजन खत्म होने से पहले, आपको हजारों अलग-अलग चीजें करनी होती हैं। इसलिए आखिरी गोल के बारे में मत सोचिए, शुरुआती गोल के बारे में सोचिए। हम बतौर टीम पहले क्या करना चाहते हैं?”

ट्रॉफी दूर है, पहले एन्जॉय करो

उन्होंने आगे कहा, ”काफी चीजें हैं, मैं वो मौज मस्ती वापस लाना चाहता हूं। इस जर्सी का प्रतिनिधित्व करने का उत्साह और सब चीजें। आप जानते हैं, मैं ये नहीं कह रहा कि ये खो गया है, लेकिन यही चीजें हैं, मैं चाहता हूं कि टीम के लिए खेलने को लेकर लोगों में उत्साह हो, मैदान पर एक दूसरे से मस्ती मजाक करें और ऐसे ही नेचुरली प्रदर्शन बाहर आता है। और यही मैंने अपने कप्तानी करियर के दौरान देखा है, चाहे वो भारतीय टीम में हो या मुंबई इंडियंस की टीम में। इसलिए मैं एक चीज की प्रैक्टिस करूंगा वो ये कि ट्रॉफी के बारे में एकदम बात ना करूं। ट्रॉफी दूर है, पहले एन्जॉय करो। हमने अक्सर लोगों को यह कहते हुए सुना है कि आपको आनंद लेना चाहिए, क्रिकेट का आनंद लेना चाहिए, अपने खेल का आनंद लेना चाहिए। यह क्या है? यह और कुछ नहीं बल्कि सिर्फ मजा करना है।”

Leave a Comment