ऑस्ट्रेलिया ने 13 साल बाद नाथन लियोन को टेस्ट टीम से किया बाहर

सिडनी: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पिछले 13 वर्षों से टेस्ट टीम के प्रमुख स्पिनर रहे नाथन लियोन को न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी चार टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए टीम में जगह नहीं मिली है।

39 वर्षीय लियोन को बाहर करने का फैसला चयनकर्ताओं ने उनके हालिया प्रदर्शन को देखते हुए लिया है। वहीं, दो नए खिलाड़ियों को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया है।

13 साल बाद टेस्ट टीम से बाहर हुए नाथन लियोन

नाथन लियोन को आखिरी बार 2013 में एशेज सीरीज के दौरान ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम से बाहर किया गया था। इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी की और लगातार टीम के अहम सदस्य बने रहे। साल 2011 में श्रीलंका दौरे पर टेस्ट डेब्यू करने के बाद से वह ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख स्पिन विकल्प रहे हैं। अब 13 साल बाद एक बार फिर उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा है।

577 विकेट लेने वाले गेंदबाज का हालिया प्रदर्शन रहा कमजोर

नाथन लियोन ऑस्ट्रेलिया के सबसे सफल टेस्ट गेंदबाजों में शामिल हैं। उन्होंने अब तक 145 टेस्ट मैचों में 577 विकेट हासिल किए हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए उनसे ज्यादा टेस्ट विकेट सिर्फ शेन वॉर्न (708) ने लिए हैं। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछली टेस्ट सीरीज में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। तीन मैचों की सीरीज में उन्होंने 43.67 की औसत से छह विकेट लिए थे।

चयनकर्ता जॉर्ज बेली ने लियोन को लेकर क्या कहा?

ऑस्ट्रेलिया के मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बेली ने लियोन के प्रदर्शन पर बात करते हुए कहा, ‘हाल के मैचों में गेंदबाजी में नाथन का प्रदर्शन उतना प्रभावशाली नहीं रहा जितना हम चाहते थे। हम यह भी जानते हैं कि उनका रिकॉर्ड असाधारण है और उनका अनुभव, ज्ञान और कौशल भविष्य में हमारी योजना के लिए अहम साबित हो सकता है।’

उन्होंने आगे कहा, ‘हमारी तरफ से महत्वपूर्ण संदेश यह था कि हम चाहते हैं कि वह कुछ समय लें और जल्दबाजी में कोई निर्णय न लें। भारत के दौरे पर वह टीम के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।’

भारत और इंग्लैंड दौरे पर वापसी की उम्मीद

नाथन लियोन ने अगले साल भारत और इंग्लैंड के दौरे पर खेलने की इच्छा जताई है। फिलहाल वह घरेलू क्रिकेट में वापसी कर चुके हैं। शेफील्ड शील्ड में न्यू साउथ वेल्स की तरफ से खेले गए दो मुकाबलों में उन्होंने सात विकेट हासिल किए हैं। ऐसे में आने वाले समय में उनके प्रदर्शन पर चयनकर्ताओं की नजर रहेगी।

न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की 13 सदस्यीय टीम

पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, जैक क्लेटन, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, माइकल नेसर, मैथ्यू रेनशॉ, कोरी रोकिचिओली, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क।

Leave a Comment