WTC Points Table: साउथ अफ्रीका का टॉप पर कब्जा, बांग्लादेश की हार के बाद रोमांचक हुई फाइनल की रेस

WTC Points Table 2025-27: सेंचुरियन में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में साउथ अफ्रीका ने बांग्लादेश को एक पारी और 219 रनों के बड़े अंतर से रौंदकर दो मैचों की सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप कर लिया.

पहली पारी में बांग्लादेश के 91 रनों पर सिमटने के बाद साउथ अफ्रीका ने मार्क्स एकरमैन और वियान मुल्डर के शतकों की बदौलत 494 रन बनाए और फिर मुल्डर के 7 विकेटों के दम पर बांग्लादेश को दूसरी पारी में 184 रनों पर समेट दिया. इस धमाकेदार जीत के साथ ही साउथ अफ्रीका ने आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की पॉइंट्स टेबल में टॉप स्थान पर अपनी स्थिति और ज्यादा मजबूत कर ली है.

WTC 2025-27 में साउथ अफ्रीका का दबदबा

मौजूदा साइलक में खेले गए 9 टेस्ट मैचों में यह साउथ अफ्रीका की सातवीं जीत है, जिससे उसका जीत प्रतिशत (PCT) 77.78 हो गया है. वहीं, क्लीन स्वीप झेलने वाली बांग्लादेशी टीम छठे पायदान पर खिसक गई है, जिससे उसके फाइनल में पहुंचने की राह काफी मुश्किल हो गई है. इस दमदार प्रदर्शन के साथ डिफेंडिंग WTC चैंपियन साउथ अफ्रीका के पास 2027 के फाइनल में जगह बनाने का सुनहरा मौका है. प्रोटियाज टीम को इस साइकल में अभी 5 टेस्ट मैच और खेलने हैं, जिनमें से 3 इंग्लैंड के खिलाफ और 2 श्रीलंका के खिलाफ हैं.

अगर साउथ अफ्रीका इन बचे हुए 5 मुकाबलों में से सिर्फ एक मैच भी जीत लेता है, तो भी उसका जीत प्रतिशत 60 से ऊपर बना रहेगा. वहीं, 3 या 4 जीत दर्ज करने पर साउथ अफ्रीका का PCT 70 के पार पहुंच जाएगा. हालांकि, आखिरी क्वालिफिकेशन इस बात पर भी निर्भर करेगा कि ऑस्ट्रेलिया, भारत और न्यूजीलैंड अपने बचे हुए अभियानों का अंत किस तरह करते हैं.

बाकी टीमों का कैसा है हाल?

आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की पॉइंट्स टेबल में फिलहाल ऑस्ट्रेलिया दूसरे नंबर पर है. उसका जीत प्रतिशत 69.23 है. वहीं, न्यूजीलैंड 66.67 के जीत प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है और भारत 50.00 के जीत प्रतिशत के साथ चौथे नंबर पर है. इनके अलावा किसी भी टीम का जीत प्रतिशत 40 का नहीं है. वहीं, भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाने वाला दूसरा टेस्ट मैच फाइनल की रेस को देखते हुए काफी अहम रहने वाला है.

Leave a Comment