नई दिल्ली। आईपीएल 2027 के लिए 16 दिसंबर को गोवा में होने वाली खिलाड़ियों की नीलामी के लिए नेपाल के 10 क्रिकेटरों ने अपना पंजीकरण कराया है। खास बात यह है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के बीच हाल ही में हुई बैठक के बाद नेपाली खिलाड़ियों ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआइ) के पास अपने नाम दर्ज कराए हैं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि आइपीएल फ्रेंचाइजी इन खिलाड़ियों पर दांव लगाती हैं या नहीं। बीसीसीआइ की ओर से जारी नीलामी रजिस्टर के अनुसार, कुल 17 देशों के 1,220 खिलाड़ियों ने अपना नाम दिया है। इनमें 939 भारतीय और 281 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं।
एसोसिएट देशों के प्लेयर्स ने दिखाया इंट्रेस्ट
एसोसिएट देशों की ओर से भी खिलाड़ियों ने नीलामी में रुचि दिखाई है। इस सूची में अमेरिका के 13, जबकि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और नेपाल के 10-10 खिलाड़ी शामिल हैं। नेपाल के लिए यह अहम मौका है, क्योंकि अब तक वहां का सिर्फ एक खिलाड़ी आइपीएल में अपनी जगह बना पाया है। नेपाल के लेग स्पिनर संदीप लामिछाने आइपीएल खेलने वाले देश के पहले और अब तक के एकमात्र खिलाड़ी हैं। उन्हें 2018 में दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी टीम में शामिल किया था। संदीप ने 2018 और 2019 के सत्र में कुल नौ मुकाबले खेले और 13 विकेट हासिल किए। अब उनके देश के 10 अन्य खिलाड़ियों ने नीलामी के लिए पंजीकरण कराकर आइपीएल में अपनी पहचान बनाने की उम्मीद जगाई है।
नेपाल की अमेजिंग प्रॉग्रेस
पिछले कुछ वर्षों में नेपाल की टीम ने टी-20 क्रिकेट में उल्लेखनीय प्रगति की है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसके खिलाड़ियों ने कई मौकों पर अपनी प्रतिभा दिखाई है और टीम बड़े टूर्नामेंटों में भी प्रभाव छोड़ने में सफल रही है। नेपाल अपनी टी-20 लीग का आयोजन भी कर रहा है, जिससे वहां के खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का अनुभव मिल रहा है। ऐसे में आइपीएल नीलामी में नेपाली खिलाड़ियों की मौजूदगी को वहां के क्रिकेट के बढ़ते प्रभाव के रूप में देखा जा रहा है।
184 कैप्ड व 994 अकैप्ड खिलाड़ी भी शामिल
नीलामी रजिस्टर में 184 कैप्ड और 994 अनकैप्ड खिलाड़ियों के अलावा एसोसिएट देशों के 42 खिलाड़ी शामिल हैं। विदेशी खिलाड़ियों में आस्ट्रेलिया के सर्वाधिक 53 नाम हैं। दक्षिण अफ्रीका के 40, वेस्टइंडीज के 36, न्यूजीलैंड के 25 और अफगानिस्तान के 23 खिलाड़ियों ने भी पंजीकरण कराया है। फ्रेंचाइजी पहले ही 184 खिलाड़ियों को रिटेन या अपनी टीम में चुन चुकी हैं। ऐसे में नीलामी में अधिकतम 66 स्थान खाली हैं, जिनमें 25 विदेशी खिलाड़ियों के लिए हैं। अब इन सीमित स्थानों के लिए दुनिया भर के खिलाड़ियों के बीच मुकाबला होगा और नेपाली क्रिकेटरों की किस्मत का फैसला भी इसी नीलामी में होगा।