‘मोहम्मद सिराज नहीं खेल रहे थे, इसलिए टेस्ट मैच ड्रॉ नहीं हुआ’; BCCI अधिकारी ने दिया बयान

टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ रहा। भारतीय टीम मैच के आखिरी दिन मेजबान न्यूजीलैंड के बाकी बचे 8 विकेट नहीं निकाल पाई थी। मैच शुरू होने से पहले मोहम्मद को लेकर सबसे ज्यादा डिबेट हो रही थी और मैच के बाद ये चर्चा और भी तेज हो गई, क्योंकि आखिरी दिन एक घंटे का मैच बचा था और भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने विपक्षी खिलाड़ियों से मैच ड्रॉ को लेकर हाथ मिला लिया था।

मैच के बाद उन्होंने बताया कि तेज गेंदबाज थक गए थे। गिल के इसी बयान से फैंस ने सिराज को लेकर उन्हें घेर लिया, जिन्होंने इंग्लैंड में पाचों टेस्ट मैच खेले थे और आखिरी विकेट भी जो उन्होंने उस सीरीज के 25वें दिन लिया था, उसमें भी उनकी गति 140 किलोमीटर प्रति घंटा से ज्यादा की थी। यही कारण है कि सिराज को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है, लेकिन इस पर बीसीसीआई की ओर से बयान आया है कि टेस्ट मैच सिराज के नहीं खेलने से ड्रॉ नहीं हुआ। बीसीसीआई के शीर्ष अधिकारियों में शामिल राजीव शुक्ला ने कहा है कि इस पर पॉलिटिक्स नहीं होनी चाहिए। इमरान मसूद से लेकर असदुद्दीन ओवैसी तक ने सिराज पर बयान दिया था।

BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने एएनआई से बात करते हुए कहा, “ऐसा नहीं है कि टेस्ट मैच सिर्फ इसलिए ड्रॉ हो गया, क्योंकि सिराज नहीं खेल रहे थे। मुझे नहीं लगता कि सिराज को ऐसे विवादों में घसीटा जाना चाहिए। उनके बारे में इस तरह की कमेंट्री नहीं होनी चाहिए। आखिरकार, वह टीम का हिस्सा हैं और टीम के लिए चुना जाना सबसे बड़ी कामयाबी है। उन्हें टीम के लिए चुना गया था, लेकिन कौन से 11 खिलाड़ी मैदान पर उतरेंगे, यह फ़ैसला कोच और कप्तान का होता है। वे पिच की हालत और कई दूसरी बातों के आधार पर यह फ़ैसला करते हैं।”

मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं करने पर राजनीति भी हो रही है इसमें मुस्लिम वाला एंगल खोजा जा रहा है, लेकिन राजीव शुक्ला ने साफ किया है कि सिर्फ इसलिए कि किसी को प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया, पॉलिटिकल या दूसरे विवाद खड़े करना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि यह सिराज के लिए भी अच्छा नहीं है और वह खुद भी इसे बिल्कुल पसंद नहीं करेंगे। किसी को विवादों या झगड़ों में घसीटना, यह कुछ ऐसा है जिसे प्लेइंग इलेवन के बारे में फ़ैसला करने का काम पूरी तरह से कोच और कप्तान पर छोड़ देना चाहिए। इसलिए, मुझे नहीं लगता कि इसे बढ़ा-चढ़ाकर बताया जाना चाहिए।

Leave a Comment