VIDEO: वैभव सूर्यवंशी ने जड़े 28 छक्के, यहां देखिए हर एक सिक्सर

वैभव सूर्यवंशी ने मंगलवार 24 नवंबर को अपनी बैटिंग का वो रूप दिखाया, जिसका इंतजार और उम्मीद हर किसी को थी. वैभव सूर्यवंशी ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स के मैच में UAE के खिलाफ सिर्फ 53 गेंदों में 204 रन की पारी खेली.

उनकी इस पारी ने सिर्फ UAE के गेंदबाजों के होश नहीं उड़ाए, बल्कि स्टेडियम में मौजूद और टीवी-मोबाइल पर देख रहे करोड़ों फैंस को भी चौंका दिया. वैभव ने अपनी इस रिकॉर्डतोड़ पारी में 28 छक्के जमाए. उनके हर एक छक्के का वीडियो आपको यहां देखने को मिलेगा.

वैभव ने इसकी शुरुआत इंडिया एक की पारी के पहले ओवर में ही कर दी थी. इंडिया ए को जीत के लिए 250 रन का लक्ष्य मिला था. जिस तरह से इंडिया ए के पिछले 2 मैच गुजरे थे और जैसा प्रदर्शन उनमें वैभव सूर्यवंशी का रहा, उससे शायद ही किसी को आने वाले तूफान की भनक रही होगी. वैभव ने पहले ओवर की शुरुआती दोनों गेंदों पर कोई रन नहीं बनाया लेकिन ये तूफान से पहले की शांति रही क्योंकि इसके बाद उन्हें रोकना मुश्किल हो गया.

14 छक्कों के साथ शतक

पहले ओवर की तीसरी, चौथी और पांचवीं गेंद पर वैभव ने छक्कों की हैट्रिक लगा दी. वो इतने पर ही नहीं रुके. अगले ओवर में भी उन्होंने 2 छक्के ठोके. फिर तीसरे ओवर में 15 साल के इस युवा बल्लेबाज ने दोबारा 3 छक्के ठोक दिए. इस तरह शुरुआती 3 ओवर में ही वैभव ने 8 छक्के ठोक दिए थे और सिर्फ 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. इसके बाद वैभव ने अर्धशतक से शतक तक पहुंचने के बीच भी 6 छक्के उड़ाए और 28 गेंदों में लिस्ट ए क्रिकेट का सबसे तेज शतक पूरा कर लिया.

 

 

अगले 14 छक्कों से दोहरा शतक

वैभव ने अगली 12 गेंदों के अंदर ही शतक से 150 रन तक का सफर पूरा कर लिया और इस तरह सबसे तेज 150 रन (40 गेंद) का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया. इस दौरान भी वैभव ने 6 छक्के जमाए. उनका हमला इसी तरह जारी रहा और देखते ही देखते वैभव ने एक पारी में सबसे ज्यादा 23 छक्के का रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिया. इस दौरान वैभव ने 12वें ओवर में लगातार 4 छक्के भी ठोके.

फिर 13वें ओवर में लगातार 2 छक्के लगाकर वैभव ने सिर्फ 52 गेंदों में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का पिछला रिकॉर्ड (103 गेंद) भी तोड़ दिया. वैभव ने अपने 28वें और आखिरी छक्के के साथ दोहरा शतक पूरा किया. इस तरह 150 से 200 के बीच वैभव ने 8 छक्के उड़ाए और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.

Leave a Comment