2018 के सैंडपेपरगेट विवाद में एक नया खुलासा हुआ है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी कथित तौर पर पाकिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट मैच के दौरान गेंद से छेड़छाड़ के लिए मिंट्स का इस्तेमाल करने पर चर्चा कर रहे थे.
ये घटना केप टाउन की कुख्यात घटना के ठीक 6 महीने बाद की है. स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टर जेरार्ड व्हॉटली की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच जस्टिन लैंगर और कप्तान टिम पेन ने अक्टूबर 2018 में दुबई में पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट के दौरान खिलाड़ियों को ऐसा करने से रोका था.
‘मिंट्स कौन लाया?’
व्हॉटली की रिपोर्ट बताती है कि एक खिलाड़ी ने पूछा था, ‘मिंट्स किसके पास हैं? आज बॉल कौन कर रहा है?’ कथित तौर पर टीम के एक नए सदस्य ने इस पर आपत्ति जताई और कहा, ‘तुम मजाक कर रहे हो क्या? हम वो सब दोबारा नहीं करेंगे.’ इस विरोध के बावजूद, एक सब्स्टीट्यूट फील्डर को ड्रेसिंग रूम से मिंट्स लाने के लिए कहा गया. लेकिन टिम पेन ने बीच में आकर खिलाड़ी को अपनी सीट पर लौटने का इशारा किया.
लैंगर और पेन का सख्त रुख
दिन का खेल खत्म होने के बाद लैंगर ने भी खिलाड़ियों का सामना किया था. पूर्व कोच ने अपनी नाराजगी जाहिर करने के लिए बैगी ग्रीन कैप का इस्तेमाल किया. केप टाउन कांड के बाद ऑस्ट्रेलिया ने फैसला किया था कि खिलाड़ियों को मैदान पर टॉफियां ले जाने की इजाजत नहीं होगी. पेन ने सपोर्ट स्टाफ को भी भरोसा दिलाया था कि कप्तान रहते हुए वे खिलाड़ियों को गेंद पर उनका इस्तेमाल नहीं करने देंगे. व्हॉटली की रिपोर्ट के अनुसार, दुबई की यह घटना आखिरी बार थी जब ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने मैच के दौरान गेंद से छेड़छाड़ करने की कोशिश की.
पुराने विवाद पर फिर सवाल
इन ताजा आरोपों ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि 2018 के मूल बॉल टैम्परिंग कांड के बारे में सीनियर खिलाड़ियों को कितनी जानकारी थी. स्टीव स्मिथ, डेविड वार्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट को तब निलंबित कर दिया गया था, जब बैनक्रॉफ्ट को केप टाउन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट के दौरान गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था. व्हॉटली की जांच में मिशेल मार्श और वार्नर के बीच टीम होटल में एक कथित टकराव का भी जिक्र है. मार्श ने कथित तौर पर वार्नर से कहा था कि वे योजना में अपनी भूमिका की जिम्मेदारी लें, बजाय इसके कि सारा दोष बैनक्रॉफ्ट पर डालें.
ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम पर सवाल
रिपोर्ट में जिन सूत्रों का हवाला दिया गया है, उन्होंने बताया कि इस घटना से ऑस्ट्रेलियाई टीम के भीतर मतभेद सामने आए थे. कुछ खिलाड़ी पूरी टीम की ओर से सामूहिक जिम्मेदारी लेने के विचार से सहमत नहीं थे. बैनक्रॉफ्ट के हालिया बयान और उस्मान ख्वाजा के इस दावे कि पूरी टीम को योजना के बारे में पता था, ने इस विवाद को फिर से सुर्खियों में ला दिया है. पैट कमिंस ने सैंडपेपर की साजिश के बारे में जानने से बार बार इनकार किया है. जोश हेजलवुड ने भी नए विवाद के बीच मौजूदा ऑस्ट्रेलिया टेस्ट कप्तान का बचाव किया है.