जायसवाल को चिढ़ाया, राहुल के साथ किया किस वाला मजाक, ड्रॉ मैच में ऋषभ पंत ने बनाया माहौल- VIDEO

भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंग्टन टेस्ट मैच बिना हार-जीत के खत्म हो गया. मैच के आखिरी दिन भारतीय टीम को 8 विकेट की जरूरत थी, जबकि न्यूजीलैंड को मैच बचाने के लिए पूरे दिन बल्लेबाजी करनी थी.

टीम इंडिया ने 3 विकेट हासिल किए लेकिन डैरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने भारत को जीत से रोक दिया. भले ही नतीजा भारत के पक्ष में नहीं आया लेकिन टीम इंडिया के विकेटकीपर ऋषभ पंत ने अपनी हरकतों से जरूर टीम का और फैंस का मनोरंजन किया.

23 नवंबर को मैच का आखिरी दिन था और न्यूजीलैंड टेस्ट बचाने के लिए बल्लेबाजी कर रही थी. ग्लेन फिलिप्स और डैरिल मिचेल ने सिर्फ डिफेंस पर ध्यान देते हुए भारत को विकेट लेने से पूरी तरह रोके रखा. जब लग रहा था कि मैच बेनतीजा रहेगा और तब कप्तान शुभमन गिल ने अपने बल्लेबाजों को ही गेंदबाजी के लिए लगा दिया. ऐसे में उन्होंने स्टार ओपनर यशस्वी जायसवाल से भी बॉलिंग कराई.

बस फिर क्या था, विकेट के पीछे से ऋषभ पंत को जायसवाल से मजे लेने का मौका मिल गया. एक दिन पहले ही उन्होंने जायसवाल के बॉलिंग एक्शन का मजाक उड़ाते हुए कहा था कि अगर गंदा एक्शन देखना है तो जायसवाल से बॉलिंग करवाई जा सकती है. इस बार पंत ने कुछ और कहा. जैसे ही जायसवाल ने बॉलिंग शुरू की, पंत पीछे से बोल पड़े, ‘ये ही मौका है अपना. कीपिंग का पता नहीं, ऑलराउंडर जरूर बन सकता है, फट्ट से.’

 

 

पंत ने ये कहकर जायसवाल को चिढ़ाने की कोशिश की. आपको याद दिला दें कि कुछ ही हफ्तों पहले रणजी ट्रॉफी में मुंबई के लिए मैदान पर उतरने से पहले जायसवाल विकेटकीपिंग की प्रैक्टिस करते हुए दिखे थे. बताया जा रहा था कि वो ऐसा इसलिए कर रहे थे ताकि वनडे और टी20 टीम में अपनी जगह बना सकें.

मगर पंत सिर्फ इतने पर ही नहीं रुके. इसके बाद उन्होंने केएल राहुल से मजाक किया. मैच के बीच जब ड्रिंक्स ब्रेक हुआ, तो केएल राहुल अपने होंठों पर लिप बाम लगाते हुए नजर आए. पंत भी ऐसा करना चाहते थे लेकिन उनके हाथों में ग्लव्स थे. तो पंत को फिर मजाक सूझा और वो राहुल को किस करने के लिए बढ़े. ये देखकर राहुल चौंक गए और पीछे हट गए. पंत भी हंसते हुए साइड हो गए और इसका वीडियो वायरल हो गया.

 

Leave a Comment