भारतीय टीम को एशिया कप राइजिंग स्टार्स के मुकाबले में पाकिस्तान से 48 रनों से हार का सामना करना पड़ा है। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 313 रन बनाए थे, भारत के सामने 314 रनों का टारगेट था, लेकिन टीम 49.1 ओवर में केवल 265 रन ही बना सकी और आउट हो गई।
आप इस मैच का स्कोर नीचे यहां देख सकते हैं।
तिलक वर्मा की धीमी बल्लेबाजी बनी हार का कारण
तिलक वर्मा ने इस मैच में शतक जरूर लगाया, लेकिन वो भारत के किसी काम नहीं आया। उनका शतक काफी धीमा आया। उन्होंने 149 बॉल खेलकर 100 रन बनाए। इसमें केवल सात चौके और एक छक्का शामिल रहा। अभिषेक शर्मा ने जरूर ताबड़तोड़ अंदाज में 42 बॉल पर 70 रनों की पारी खेली, लेकिन उनके आउट होने के बाद जीत की उम्मीदें भी खत्म सी हो गई थीं।
शहबाज अहमद ने जगाई उम्मीदें
जब भारत के छह विकेट गिर गए थे, तब कप्तान तिलक वर्मा का साथ देने के लिए शहबाज अहमद आए। उन्होंने 49 बॉल पर 56 रन बनाए। उनके बल्ले से एक चौका और चार छक्के आए। तिलक और अहमद के बीच 100 से अधिक रनों की साझेदारी हुई। उस वक्त एक उम्मीद जगी थी, लेकिन शहबाज के आउट होते ही टीम की हार तय हो गई थी और हुआ भी ऐसा ही।
भारत के चार गेंदबाजों ने लिए 2-2 विकेट
भारत की गेंदबाजी बहुत अच्छी नहीं रही। रन खूब दिए गए। हालांकि चार गेंदबाज ऐसे रहे, जिन्होंने दो-दो विकेट अपने नाम किए। हर्षित राणा ने 10 ओवर में 77 रन खर्च कर दो विकेट चटकाए। प्रिंस यादव ने 9.2 ओवर की गेंदबाजी में 60 रन दिए देकर दो विकेट हासिल किए। सूर्यांश को आठ ओवर की गेंदबाजी मिली, इसमें उन्होंने 55 रन देकर दो सफलताएं हासिल की। विप्रज निगम ने 8 ओवर में 46 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए। आयुष बदोनी को भी एक सफलता मिली। अभिषेक शर्मा और शहबाज अहमद को विकेट नहीं मिला।
अंक तालिका में पाकिस्तान पहले नंबर पर
इस बीच जीत के साथ ही पाकिस्तान ने अंक तालिका में टॉप कर लिया है। उसने दो मैच खेलकर दोनों जीते हैं और उसके पास चार अंक हैं। भारतीय टीम ने दो में से एक ही मैच जीता है और उसके पास दो अंक हैं। हालांकि टीम इंडिया दूसरे नंबर पर है और सेमीफाइल में जा सकती है। अब भारत का अगला मुकाबला यूएई से होगा।