दोहा में खेले गए इंडिया ए और पाकिस्तान ए के मुकाबले के दौरान भारतीय कप्तान तिलक वर्मा चोटिल हो गए। पाकिस्तान की पारी के 48वें ओवर में प्रिंस यादव गेंदबाजी कर रहे थे, तभी फरहान यूसफ ने कवर्स की दिशा में एक शॉट खेला।
गेंद को लपकने के प्रयास में तिलक वर्मा ने डाइव लगाई, लेकिन कैच पकड़ने की कोशिश में उनका चेहरा सीधे मैदान पर जा टकराया।
इस जोरदार टक्कर के कारण तिलक वर्मा के चेहरे और गर्दन पर गंभीर झटका लगा और वह मैदान पर ही गिर गए। घटना के बाद मैच को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। भारतीय टीम के फिजियो ने तुरंत मैदान पर पहुंचकर उनकी जांच की, जिसके बाद उन्हें एहतियात के तौर पर मैदान से बाहर ले जाया गया।
तिलक वर्मा के मैदान से बाहर जाने के बाद उप-कप्तान रिंकू सिंह ने टीम की कमान संभाली। तिलक वर्मा का चोटिल होना भारतीय टीम के लिए चिंता का विषय है, क्योंकि वह वर्तमान में शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। फिलहाल उनकी चोट की गंभीरता को लेकर कोई आधिकारिक अपडेट नहीं दिया गया है।