तिलक वर्मा की अगुवाई वाली टीम इंडिया को एशिया कप राइजिंग स्टार 2026 के 8वें मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वि पाकिस्तान के हाथों 48 रनों से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने माज सदाकत (59), हसन नवाज (79) और फरहान यूसुफ (56) की फिफ्टी के दम पर 313 रन बोर्ड पर लगाए।
पाकिस्तान की पूरी टीम 49.2 ओवर में सिमट गई थी। इस स्कोर का पीछा करने उतरी भारतीय टीम भी पूरे 50 ओवर नहीं टिक पाई और 49.1 ओवर में 265 रनों पर ढेर हो गई। भारत की तरफ से तिलक वर्मा ने शतक जड़ा तो अभिषेक शर्मा ने 42 गेंदों पर 6 चौकों और इतने ही गगनचुंबी छक्कों की मदद से 70 रनों की धुआंधार पारी खेली। हालांकि टीम इंडिया फिर भी पाकिस्तान के स्कोर से 48 रन दूर रह गई। आाइए टीम इंडिया की इस हार के 5 गुनहगारों पर नजर डालते हैं-
- हर्षित राणा भारतीय बॉलिंग यूनिट के सबसे महंगे गेंदबाज रहे। उन्होंने 10 ओवर के कोटे में 77 रन खर्च कर 2 विकेट चटकाए। पाकिस्तान की पारी की शुरुआत से ही वह काफी महंगे साबित हुए। उन्होंने पावरप्ले में पाकिस्तान के बल्लेबाजों को उकसाकर भारत को कुछ विकेट दिलाने में मदद जरूर की, मगर ओवरऑल उनकी परफॉर्मेंस निराशाजनक रही।
- दूसरे गुनहगार कप्तान तिलक वर्मा रहे। कप्तानी में तिलक काफी ढीले नजर आए, उन्होंने गेंदबाजों का इस्तेमाल अच्छे से नहीं किया। शुरुआत में तेज गेंदबाजों की पिटाई होने के बावजूद उन्होंने इस धीमी पिच पर स्पिनर्स का इस्तेमाल नहीं किया। टीम में अभिषेक शर्मा के रूप में अनुभवी ऑलराउंडर है। हालांकि उन्होंने उनसे सिर्फ 3 ही ओवर कराए, जिसमें अभिषेक ने 9 रन खर्च किए। आयुष बदोनी ने भी 5 ओवर के कोटे में 18 रन देकर 1 विकेट चटकाया। मगर कप्तान ने उनके भी पूरे ओवर खत्म नहीं कराए। हालांकि बल्लेबाजी में शतक जड़ उन्होंने अपनी खराब कप्तानी की भरपाई करने की पूरी कोशिश की।
- वैभव सूर्यवंशी जिनसे भारत-पाकिस्तान मुकाबले में हर बार बड़ी पारी की उम्मीद की जाती है, उन्होंने इस बार भी निराश किया। 13 गेंदों पर 2 चौकों की मदद से वह मात्र 11 रन ही बना पाए। ऐसा लग ही नहीं रहा था कि सूर्यवंशी अपना नैचुरल गेम खेल रहे हैं। वह पारी को बनाने के लिए काफी रुककर बल्लेबाजी करने की कोशिश कर रहे थे। दोहा की पिच शुरुआत में बल्लेबाजी के लिए अच्छी होती है, जिसका वैभव सूर्यवंशी जैसे बल्लेबाज फायदा उठा सकते हैं। मैच के आगे बढ़ते-बढ़ते पिच धीमी होती जाती है और इस पर बैटिंग करना मुश्किल होता जाता है।
- रजत पाटीदार के एशिया कप राइजिंग स्टार से हटने के बाद रिंकू सिंह को टीम का उप-कप्तान बनाया गया है, मगर अभी तक उन्होंने अपनी जिम्मेदारी नहीं समझी है। जब भारत को विकेट बचाकर एक बड़ी साझेदारी की जरूरत थी तब वह 14 गेंदों पर मात्र 6 के निजी स्कोर पर खराब शॉट खेलकर आउट हो गए। कप्तान तिलक वर्मा एक छोर को संभाले हुए थे। ऐसे में रिंकू सिंह को अपना विकेट थ्रो करने की जरूरत नहीं थी।
- आयुष बदोनी इस टीम में नंबर-3 पर बैटिंग कर रहे हैं। डोमेस्टिक क्रिकेट में उनकी धाकड़ परफॉर्मेंस की वजह से बदोनी का चयन इंडिया ए की टीम में हुआ है। हालांकि अभी तक उनका परफॉर्मेंस बल्ले से कुछ खास नहीं रहा है। नेपाल के खिलाफ हुए मुकाबले में भी वह फ्लॉप रहे थे। दोहा कि पिचें धीमी है, ऐसे में बल्लेबाजों को अपना खेल बदलने की जरूरत है।