आईपीएल 2027 सीजन के लिए 16 दिसंबर को मिनी ऑक्शन का आयोजन होना है. इस ऑक्शन से पहले 17 नवंबर को सभी 10 टीमों ने अपने रिटेंशन का ऐलान किया और कई खिलाड़ी रिलीज हुए. कोलकाता नाइट राइडर्स ने भी कुछ खिलाड़ियों को रिलीज किया.
ऐसे ही एक खिलाड़ी ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) में धुआंधार बैटिंग करते हुए टीम को जिता दिया. ये बल्लेबाज हैं तेजस्वी दहिया, जिन्होंने सिर्फ 36 गेंदों में 95 रन की आतिशी पारी खेली.
दिल्ली के लिए खेलने वाले विकेटकीपर-बल्लेबाज तेजस्वी दहिया ने पड़ोसी राज्य हरियाणा के खिलाफ ही ये पारी खेली. इंदौर में रविवार 22 नवंबर को खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी की. कप्तान प्रियांश आर्या, यश ढुल और नीतीश राणा ने मिलकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई. प्रियांश ने एक बेहतरीन अर्धशतक जमाया और 40 गेंदों में 62 रन बनाए. मगर इस पारी के स्टार रहे तेजस्वी.
तेजस्वी ने बरसाए 9 छक्के
24 साल के युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज तेजस्वी दहिया चौथे नंबर पर बैटिंग के लिए उतरे और आते ही ताबड़तोड़ छक्के-चौके बरसा दिए. उन्होंने सिर्फ 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. इसके बाद भी उनका हमला जारी रहा और शतक के करीब पहुंच गए. पारी की आखिरी गेंद पर उन्हें 5 रन की जरूरत थी लेकिन ऐसा नहीं हो सका और वो 95 रन बनाकर आउट हुए.
सिर्फ 36 गेंदों पर आई इस विस्फोटक पारी में तेजस्वी ने 9 छक्के और 6 चौके जमाए. उनका स्ट्राइक रेट 263.88 का रहा. इसके दम पर ही दिल्ली ने 232 रन का स्कोर खड़ा किया और फिर हरियाणा को 189 रन पर रोकते हुए 43 रन से मैच जीत लिया. तेजस्वी को ही जाहिर तौर पर प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
KKR ने किया रिलीज, ऑक्शन से पहले कमाल
तेजस्वी के लिए ये पारी काफी अहम थी क्योंकि उन्होंने ऑक्शन से ठीक पहले अपनी बैटिंग का जलवा दिखाया है. मगर साथ ही कोलकाता नाइट राइडर्स को भी एक संदेश होगा कि उन्होंने युवा बल्लेबाज को छोड़कर गलती की. रिटेंशन का ऐलान 17 नवंबर को हुआ और उसके बाद 3 मैच में तेजस्वी का ये दूसरा अर्धशतक है. पिछले साल ही KKR ने उन्हें 3 करोड़ रुपये में खरीदा था लेकिन उन्हें 2 मैच ही खेलने को मिले, जिसमें वो 11 रन बना सके थे.