IND A vs PAK A: भारत और पाकिस्तान के बीच मैच में कई बार खिलाड़ियों के बीच माहौल गरम हुआ और अंपायर को भी हस्तेक्षेप करना पड़ा। इससे पहले अंडर-19 एशिया कप जीतने के बाद भी भारतीय खिलाड़ियों पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया था।
दोहा: भारत ए और पाकिस्तान ए के बीच एशिया कप राइजिंग स्टार्स के मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच जमकर तनातनी हुई। मैच में कई बार विवाद जैसी स्थिति बनी, जिसे अंपायरों ने या मैच अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर खत्म किया। इसकी शुरुआत टॉस के दौरान ही हुई, जब एंकर ने भारत को विजेता घोषित कर दिया। हालांकि, पाकिस्तानी कप्तान विरोध जताकर फैसला अपने हक में कराया। इसके बाद हर्षित राणा और पाकिस्तानी खिलाड़ियों के बीच जमकर जुबानी जंग हुई। यहां हम ऐसी ही घटनाओं के बारे में बता रहे हैं।हर्षित राणा से भिड़े इमरान रनधावा
इस मैच के दौरान पाकिस्तान की पारी के 40वें ओवर में जमकर ड्रामा हुआ। हर्षित राणा की गेंद खेलने के बाद इमरान रनधावा रन भागते हुए दूसरे छोर पर आए और हर्षित राणा से टकरा गए। इसके साथ ही उन्होंने हर्षित से कुछ कहा। इस पर हर्षित राणा ने भी जवाब दिया। इसके बाद अंपायर हर्षित राणा के पास पहुंचे और उन्हें समझाने की कोशिश की। रनधावा ने हर्षित को कंधा मारा था। इसी वजह से विवाद हुआ। हालांकि, इससे पहले हर्षित ने पाकिस्तानी बल्लेबाजों को काफी उकसाया था।
हर्षित राणा ने पाकिस्तानी बल्लेबाजों को उकसाया
पाकिस्तानी टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार शुरुआत की थी और 5 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 58 रन बना लिए थे। इसके बाद हर्षित ने पाकिस्तानी बल्लेबाजों को उकसाना शुरु किया। इसका नतीजा यह हुआ कि आठवें और नौवें ओवर में भारत को विकेट मिल गया। इसी के दम पर टीम इंडिया ने वापसी की। हालांकि, इसके बाद भी पाकिस्तानी बल्लेबाज अच्छी गति से रन बनाते रहे, लेकिन टीम इंडिया नियमित अंतराल पर विकेट भी लेती रही।
टॉस के दौरान भी विवाद हुआ
इस मैच में टॉस के दौरान ही विवाद हो गया था। तिलक वर्मा ने सिक्का उछाला था और पाकिस्तानी कप्तान अब्दुल समद ने हेड का कॉल किया था। एंकर ने सिक्का देखा और कहा कि टेल्स आया है। हालांकि, पाकिस्तानी कप्तान ने माइक पर दो बार कहा कि हेड्स आया है। मैच रेफरी ने सिक्के को ध्यान से देखा और पाकिस्तानी को टॉस का विजेता करार दिया। टॉस के बाद दोनों टीमों के कप्तानों ने हाथ नहीं मिलाया।
टीम इंडिया का बाउंसर अटैक
इस मैच में जब इमरान रनधावा बल्लेबाजी के लिए आए तो सूर्यांश शेडगे ने पहली ही गेंद बाउंसर डाली। इस गेंद पर वह बेहद असहज नजर आए। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने उन्हें जमकर बाउंसर गेंदें की। हर्षित की एक गेंद उनके सिर पर भी लगी और फिजियो को कंक्शन चेक के लिए आना पड़ा। अंत में जब उन्होंने सूर्यांश शेडगे की गेंद पर छक्का लगा दिया तब जाकर भारतीय गेंदबाजों ने बाउंसर गेंदें कम की। हालांकि, इसके बाद ही वह विपराज निगम की गेंद पर आउट हो गए।
खिलाड़ियों ने अंपायर को घेरा
पाकिस्तान की पारी के 42वें ओवर में विपराज निगम गेंदबाजी कर रहे थे। ओवर की चौथी गेंद पर मोहम्मद इमरान रनधावा ने स्वीप शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले के पास से निकल गई। विकेटकीपर गेंद को पकड़ते ही खुशी से उछल पड़े। गेंदबाज ने भी जोरदार अपील की। हालांकि, अंपायर ने आउट नहीं दिया। भारतीय टीम लगातार अपील करती रही। इसके बाद विपराज अंपायर से बात करने लगे। इस दौरान रिंकू सिंह भी अंपायर के पास खड़े रहे। हालांकि, अगली ही गेंद पर इमरान आउट हो गए।