ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में 2018 के बॉल टैंपरिंग विवाद ने एक बार फिर हलचल मचा दी है। उस घटना से जुड़े खिलाड़ियों के नए बयान सामने आने के बाद टीम के भीतर पुराने विवाद और आरोपों पर बहस तेज हो गई है।
इस बीच तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने पहली बार पूरे मामले पर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने सैंडपेपर से गेंद की स्थिति बदलने की योजना में शामिल होने और मैदान पर किसी बाहरी पदार्थ के इस्तेमाल की जानकारी होने से इनकार किया है।
हेजलवुड ने न्यूज कॉर्प को दिए इंटरव्यू में कहा कि वह पैट कमिंस के साथ खड़े हैं। उन्होंने यहां तक संकेत दिया कि अगर कमिंस को टेस्ट टीम की कप्तानी से हटाया जाता है तो वह खुद भी टीम से दूर जाने पर विचार कर सकते हैं।
कमिंस को कप्तानी से हटाया तो क्या करेंगे हेजलवुड?
कमिंस के नेतृत्व पर सवाल उठने के बाद हेजलवुड ने उनके समर्थन में बयान दिया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में अलग-अलग लोगों की तरफ से कमिंस पर काफी दबाव बनाया गया है। हेजलवुड के मुताबिक कमिंस ने पिछले पांच-छह वर्षों में कप्तान के तौर पर टीम को जिस मुकाम पर पहुंचाया है, वह शानदार है। उन्होंने कहा कि अगर हम पहले टेस्ट में उतरें और वह कप्तान नहीं हों और उनकी जगह कोई दूसरा हो, तो ईमानदारी से कहूं तो मुझे नहीं पता कि यह कैसा होगा।
जब हेजलवुड से पूछा गया कि क्या कमिंस को कप्तानी से हटाए जाने पर वह टेस्ट क्रिकेट छोड़ने पर विचार करेंगे, तो उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि ऐसी स्थिति आने पर ही फैसला लेना होगा, लेकिन इस बारे में जरूर सोचना पड़ेगा।
हेजलवुड को नहीं थी कोई जानकारी
उन्होंने कहा कि मुझसे दो बातें पूछी जा रही हैं। क्या मैं सैंडपेपर से गेंद की स्थिति बदलने की योजना में शामिल था? और क्या मुझे मैदान पर सैंडपेपर या किसी बाहरी पदार्थ के इस्तेमाल की जानकारी थी? दोनों सवालों का जवाब नहीं है। मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं थी।
पुरानी जांच के बयान पर भरोसा
हेजलवुड ने कहा कि केपटाउन टेस्ट के तुरंत बाद जांचकर्ताओं के सामने दिए गए उनके बयान पर वह आज भी भरोसा करते हैं। घटना के एक-दो दिन बाद हुई पूछताछ में उन्होंने जो कहा था, वह उस समय की परिस्थितियों और उनकी याददाश्त के आधार पर था।
उन्होंने बैनक्रॉफ्ट के उस दावे पर भी सवाल उठाया जिसमें गेंद को रिवर्स स्विंग कराने के संबंध में गेंदबाजों से बातचीत का जिक्र था। हेजलवुड ने कहा कि गेंद की स्थिति को लेकर चर्चा टेस्ट क्रिकेट में सामान्य बात है और बैनक्रॉफ्ट ने कहीं यह नहीं कहा कि वह सैंडपेपर का इस्तेमाल कर रहे थे।