लोहरदगा जिला प्रशासन के क्रिकेट टूर्नामेंट में येलो स्ट्राइकर्स की शानदार जीत, हिमांशु बने मैन ऑफ द मैच

लोहरदगा. जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट के मुकाबले में येलो स्ट्राइकर्स ने ब्लू वॉरियर्स को 37 रनों से पराजित किया. येलो स्ट्राइकर्स की जीत के नायक कप्तान हिमांशु रंजन रहे.

उन्होंने पहले बल्लेबाजी करते हुए 72 रनों की शानदार पारी खेली और फिर गेंदबाजी में पांच विकेट लेकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभायी. उनके इस ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया.

येलो स्ट्राइकर्स ने बनाये 132 रन

खराब मौसम के कारण मुकाबला 30 ओवर का निर्धारित किया गया. टॉस जीतकर येलो स्ट्राइकर्स ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया. टीम ने 27 ओवर में सभी विकेट खोकर 132 रन बनाये. कप्तान हिमांशु रंजन ने 72 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि विपुल कुमार ने 26 रन का योगदान दिया. ब्लू वॉरियर्स की ओर से सुमित ने तीन, सौरव ने दो और विपुल ने एक विकेट हासिल किया.

95 रन पर सिमटी ब्लू वॉरियर्स की टीम

133 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्लू वॉरियर्स की टीम येलो स्ट्राइकर्स की अनुशासित गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी. पूरी टीम 22 ओवर में 95 रन बनाकर ऑलआउट हो गयी. जयकुमार सिंह ने सर्वाधिक 26 और सुमित कुजूर ने 19 रन बनाये. येलो स्ट्राइकर्स की ओर से कप्तान हिमांशु रंजन ने पांच विकेट झटके, जबकि कृष्णा को दो विकेट मिले. इस तरह येलो स्ट्राइकर्स ने मुकाबला 37 रनों से जीत लिया.

खिलाड़ियों को दी पिच के अनुसार खेलने की सलाह

मैच के बाद जिला प्रशासन के क्रिकेट कोच अमित कुमार ने खिलाड़ियों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में पिच पर नमी रहने से बल्लेबाजी चुनौतीपूर्ण हो जाती है. ऐसी परिस्थितियों में खिलाड़ियों को धैर्य और संयम के साथ खेलना चाहिए. उन्होंने अनावश्यक क्रॉस बैटिंग से बचने और पिच व मौसम की परिस्थितियों के अनुसार बल्लेबाजी में बदलाव करने की सलाह दी. मौके पर क्रिकेटर जयजीत चौबे, प्रेम कुमार, अरुण महतो सहित कई खेल प्रेमी और क्रिकेटप्रेमी उपस्थित थे.

Leave a Comment