राहुल-जायसवाल ने मिलकर हासिल की बड़ी उपलब्धि, WTC के इतिहास में यह कारनामा करने वाली बनी सिर्फ छठी ओपनिंग जोड़ी

यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की ओपनिंग जोड़ी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ  सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया की पहली पारी में शानदार शुरुआत देने का काम किया है, जिसमें दोनों के बीच में शतकीय साझेदारी देखने को मिली है।

राहुल और जायसवाल ने मिलकर अपनी इस साझेदारी के दौरान एक ऐसा कारनामा भी किया जिसके दम पर वह बड़ी उपलब्धि हासिल करने में कामयाब हो गए हैं। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की ओपनिंग जोड़ी अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में सिर्फ छठी ऐसी जोड़ी है जो 1000 या उससे अधिक रन मिलकर बनाने में कामयाब हो सकी है।

WTC इतिहास में इस मामले में बनी सिर्फ दूसरी भारतीय ओपनिंग जोड़ी

रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने के बाद यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल को पारी की शुरुआत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई, जिसमें दोनों ने कई मुकाबलों में टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत देने का काम अब तक किया है। केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल जहां वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में सिर्फ छठी ऐसी ओपनिंग जोड़ी हैं, जो 1000 रनों का आंकड़ा पूरा करने में कामयाब हो सकी है तो वहीं इस लिस्ट में शामिल होने वाली दूसरी भारतीय ओपनिंग जोड़ी भी बनी है। इससे पहले यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा की ओपनिंग जोड़ी ने 28 टेस्ट मैचों में 45.32 के औसत से कुल 1269 रन बनाए थे।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली ओपनिंग जोड़ी

  • जैक क्रॉली और बेन डकेट (इंग्लैंड) – 2236 रन
  • डीवोन कॉन्वे और टॉम लैथम (न्यूजीलैंड) – 1968 रन
  • उस्मान ख्वाजा और डेविड वॉर्नर (ऑस्ट्रेलिया) – 1493 रन
  • यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा (भारत) – 1269 रन
  • अब्दुल्लाह शफीक और इमाम उल हक (पाकिस्तान) – 1160 रन
  • केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल (भारत) – 1073 रन

न्यूजीलैंड में 32 साल बाद भारतीय ओपनिंग जोड़ी ने की शतकीय साझेदारी

केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल के बीच में वेलिंग्टन टेस्ट मैच में पहले विकेट के लिए कुल 130 रनों की साझेदारी देखने को मिली, जिसके चलते 32 साल में यह टीम इंडिया की पहली ऐसी ओपनिंग जोड़ी बन गई है जो पहले विकेट के लिए 100 रनों की साझेदारी करने में कामयाब हो सकी है। इससे पहले पिछली बार साल 1994 में नयन मोंगिया और नवजोत सिंह सिद्धू ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की थी।

Leave a Comment