दिल्ली कैपिटल्स ने शुक्रवार (20 नवंबर 2026) को श्रीलंका के दिग्गज खिलाड़ी माहेला जयवर्धने को 2027 सत्र से पहले अपनी महिला प्रीमियर लीग टीम का क्रिकेट निदेशक नियुक्त किया है. जयवर्धने अपनी नई भूमिका में फ्रेंचाइजी के सभी क्रिकेट संबंधी मामलों की देखरेख करेंगे, जिसमें टीम की रणनीति, प्रतिभा की पहचान और खिलाड़ी एवं कोचिंग स्टाफ को तराशना शामिल है.
जयवर्धने इससे पहले मुंबई इंडियंस की पुरुष टीम के मुख्य कोच थे. उनके रहते हुए मुंबई ने आईपीएल में तीन खिताब जीते थे. उन्होंने हाल में ही यह पद छोड़ा था. उन्होंने कहा कि वह अपनी नई भूमिका से खुश हैं और उन्हें उम्मीद है कि टीम आगामी प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगी.
नीता अंबानी का बयान
जयवर्धने के कोच पद से इस्तीफे के बाद मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता अंबानी ने कहा था, ‘महेला ने वर्षों से मुंबई इंडियंस में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. उनका शांतचित्त रहकर नेतृत्व करना, ईमानदारी और खेल के प्रति गहरा लगाव हमारे लिए बहुत मायने रखता है. मैं मुंबई इंडियंस के परिवार की तरफ से महेला का उनके वर्षों के अमूल्य योगदान और अटूट प्रतिबद्धता के लिए आभार व्यक्त करती हूं.’
जयवर्धने का बयान
वहीं जयवर्धने ने भी टीम के साथ अपने लंबे जुड़ाव को याद करते हुए फ्रेंचाइजी और उसके मालिकों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा, ‘मुंबई इंडियंस पिछले एक दशक से मेरे सफर का एक बेहद खास हिस्सा रही है. खिलाड़ी, कोचिंग टीम, ‘वनफैमिली’ का अविश्वसनीय समर्थन और सबसे बढ़कर प्रशंसकों ने इसे ऐसा अनुभव बना दिया है जिसे मैं हमेशा याद रखूंगा.’
मार्क बाउचर की जगह कोच बने थे जयवर्धने
जयवर्धने के मुख्य कोच के रूप में पहले कार्यकाल में मुंबई इंडियंस ने 2017, 2019 और 2020 में तीन आईपीएल खिताब जीते थे. उन्हें 2025 के सत्र से पहले मार्क बाउचर की जगह फिर से मुख्य कोच नियुक्त किया गया था. मुंबई इंडियंस आईपीएल 2025 में चौथे स्थान पर रही थी, जबकि 2026 में उसका अभियान अच्छा नहीं रहा और पांच बार की चैंपियन टीम नौवें स्थान पर रही थी.