जेमिमा ने चोट से उबरते ही गेंदबाजों को धोया, 18 बाउंड्री लगाईं, 45 गेंद में जड़ दिया शतक

मुंबई: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ने चोट से वापसी के बाद शानदार शतक लगाया है। सीनियर विमेंस टी20 ट्रॉफी में मुंबई की ओर से खेलते हुए जेमिमा ने पुडुचेरी के खिलाफ सिर्फ 45 गेंदों में शतक ठोक दिया।

उन्होंने 49 गेंदों पर नाबाद 107 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी इस शानदार बल्लेबाजी की बदौलत मुंबई ने निर्धारित 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 213 रन बनाए। जवाब में पुडुचेरी की टीम 20 ओवर में 5 विकेट पर 130 रन ही बना सकी। मुंबई ने यह मुकाबला 83 रन से जीत लिया।

पुडुचेरी के खिलाफ मुकाबले में जेमिमा ने नंबर-3 पर बल्लेबाजी की। वह पारी के पांचवें ओवर में सानिका चाल्के का विकेट गिरने के बाद क्रीज पर उतरीं। इसके बाद उन्होंने आक्रामक अंदाज में महज 49 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 107 रन बनाए। उनकी इस पारी में 16 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।

दूसरे विकेट के लिए 166 रन की साझेदारी

जेमिमा ने 45 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने हुमायरा काजी के साथ दूसरे विकेट के लिए 166 रन की शानदार साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने पुडुचेरी के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। इस साझेदारी ने मुंबई को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

चोट के बाद पहली बार घरेलू क्रिकेट में लौटीं जेमिमा

जेमिमा रोड्रिग्स के लिए यह शतक इसलिए भी खास है, क्योंकि वह लंबे समय तक चोट के कारण क्रिकेट से दूर थीं। उन्हें इंग्लैंड में द हंड्रेड टूर्नामेंट के दौरान 3 अगस्त को हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। जांच में दाहिनी हैमस्ट्रिंग में गंभीर चोट की पुष्टि हुई थी। इसके बाद उन्हें करीब तीन महीने तक रिहैबिलिटेशन से गुजरना पड़ा। इस चोट के कारण जेमिमा महिला टी20 एशिया कप, एशियन गेम्स और जिम्बाब्वे के खिलाफ घरेलू सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा नहीं बन सकी थीं। उन्होंने हाल ही में अपनी फिटनेस की जानकारी देते हुए बताया था कि उनकी हैमस्ट्रिंग अब पूरी तरह फिट घोषित कर दी गई है।

वापसी के बाद लगातार बेहतर प्रदर्शन

जेमिमा ने सीनियर विमेंस टी20 ट्रॉफी में वापसी के बाद धीरे-धीरे अपनी लय हासिल की। उत्तर प्रदेश के खिलाफ पहले मुकाबले में उन्होंने 19 गेंदों पर 26 रन बनाए थे। इसके बाद दिल्ली के खिलाफ 41 गेंदों पर 58 रन की पारी खेली। अब पुडुचेरी के खिलाफ उन्होंने शतक जड़कर अपनी शानदार फॉर्म का परिचय दिया है।

 

 

 

दक्षिण अफ्रीका दौरे से पहले भारत के लिए अच्छी खबर

जेमिमा की यह पारी भारतीय महिला टीम के लिए भी राहत भरी खबर है। भारतीय टीम को दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका का दौरा करना है, जहां उसे एक टेस्ट, तीन वनडे और तीन टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने हैं। ऐसे में जेमिमा का चोट से उबरकर शानदार फॉर्म हासिल करना टीम इंडिया के लिए बेहद अहम है। पुडुचेरी के खिलाफ इस शतक ने जेमिमा ने दिखा दिया है कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के लिए पूरी तरह तैयार हैं। अब उनकी नजरें घरेलू टूर्नामेंट में इसी लय को बरकरार रखने और भारतीय टीम में अपनी जगह मजबूत करने पर होंगी।

Leave a Comment