अर्जन नागवासवाला (24 रन देकर चार विकेट) की मदद से गुजरात ने गुरुवार को रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी मैच के चौथे और आखिरी दिन केरल को पारी और 64 रन से करारी शिकस्त दी। इस जीत से गुजरात अंक तालिका में बंगाल के पीछे तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।
यूपी और बड़ौदा के बीच रणजी मुकाबला ड्रॉ समाप्त हुआ और यूपी को लगातार दूसरी बार पहली पारी की बढ़त के आधार पर सिर्फ तीन अंकों से संतुष्ट होना पड़ा, जबकि बड़ौदा को एक अंक मिला। विदर्भ की टीम अपने चारों मैच जीतकर 24 अंकों के साथ प्वाइंट टेबल में टॉप पर है, जबकि यूपी 19 अंकों के साथ दूसरे और बड़ौदा (18) तीसरे स्थान पर है। यूपी का अब अगला मुकाबला 2027 में मध्य प्रदेश से 17 से 21 जनवरी तक होगा।
गुजरात ने केरल को पारी से हराया
गुजरात ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी मैच के चौथे दिन केरल को पारी और 64 रन से करारी शिकस्त दी। फॉलोऑन मिलने के बाद एक विकेट पर 41 रन से आगे खेलने उतरी केरल की टीम ने 150 रन के भीतर अपने बाकी नौ विकेट गंवा दिए। पूरी टीम 88 ओवर में 191 रन पर सिमट गई। अभिषेक नायर बीती रात के 29 रन के स्कोर में कोई इजाफा नहीं कर सके और नागवासवाला का शिकार बने।
सचिन बेबी ने संयम से खेलते हुए 182 गेंद में 52 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से अच्छा साथ नहीं मिला और गुजरात ने उनकी पारी समेट दी। नागवासवाला ने पारी के अंत में दो विकेट चटकाए, उन्होंने एमडी निधीश और नेदुमंकुझी बेसिल को आउट कर चार विकेट लिए। चिंतन गजा, सिद्धार्थ देसाई और अमित देसाई ने एक एक विकेट लिया जबकि सिद्धार्थ ने दो विकेट अपने नाम किए। इससे पहले गुजरात ने अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 534 रन बनाकर घोषित की थी। जवाब में केरल की टीम अपनी पहली पारी में 279 रन पर सिमट गई जिससे गुजरात को 255 रनों की बढ़त मिल गई। उर्विल पटेल को नाबाद 210 रन (प्रथम श्रेणी में उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर) की पारी खेलने के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया जबकि विशाल जयसवाल ने 77 रन का योगदान दिया।
यूपी-बड़ौदा मुकाबला रहा ड्रॉ
उत्तर प्रदेश ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप ए का मुकाबला ड्रॉ होने के बाद पहली पारी में बढ़त के आधार पर तीन अंक हासिल किए जबकि बड़ौदा को एक अंक से संतोष करना पड़ा। आठ विकेट पर 455 रन से आगे खेलने उतरे उत्तर प्रदेश ने पहली पारी में 492 रन बनाए। इस तरह उसने पहली पारी के आधार पर 137 रन की बढ़त हासिल की। बड़ौदा ने पहली पारी में 355 रन बनाए थे। बड़ौदा ने दूसरी पारी में 76 ओवर में छह विकेट पर 169 रन बनाए। कप्तान अतीत शेठ (62 गेंद पर नाबाद 40) और महेश पिथिया (नाबाद 14) ने आखिरी दिन बल्लेबाजी करते हुए मुकाबला ड्रॉ कराया। मेहमान टीम का स्कोर एक समय छह विकेट पर 115 रन था। इसके बाद शेठ और पिथिया ने सातवें विकेट के लिए 54 रन की अटूट साझेदारी करके उत्तर प्रदेश को और विकेट हासिल करने से रोक दिया।
अब जनवरी में होंगे मुकाबले
अब लाल गेंद के सत्र में कुछ समय के लिए ब्रेक रहेगा और गोवा में होने वाली आईपीएल मिनी नीलामी से पहले 14 नवंबर से अलग-अलग स्थानों पर सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी शुरू होगी। रणजी ट्रॉफी के पांचवें दौर के मुकाबले अगले साल 17 जनवरी से फिर शुरू होंगे।
दिल्ली को मिले तीन अंक
दिल्ली ने सेना के खिलाफ ड्रॉ रहे मुकाबले में तीन अंक हासिल किए। रजत पालीवाल ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए दोनों पारियों में शतक लगाए। दिल्ली को पहली पारी की बढ़त के आधार पर तीन अंक मिले। जिससे उसके चार मैचों में सात अंक हैं और वह पांचवें स्थान पर है। पालीवाल ने पहली पारी में नाबाद 111 रन और दूसरी पारी में 116 रन बनाए। सेना ने अपनी पहली पारी में 266 रन बनाए और दिल्ली को 344 रन पर ऑलआउट किया। दिल्ली ने 78 रन की बढ़त हासिल की। सेना ने अपनी दूसरी पारी नौ विकेट पर 397 रन बनाकर घोषित कर दी। इसमें पालीवाल के शतक और मोहित अहलावत की 142 रनों की आक्रामक पारी का अहम योगदान रहा।
फिर 320 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए यश धुल ने 104 गेंदों पर नाबाद 104 रन बनाए जिसमें 11 चौके और दो छक्के शामिल थे। सेना (दो अंक) को एक और अंक मिला।
वहीं झारखंड और ओडिशा को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा। मैच के आखिरी दिन झारखंड के आठ विकेट पर 433 रन की घोषित पारी के जवाब में मेजबान ओडिशा ने सात विकेट पर 280 रन बनाए। ओडिशा की पारी पूरी नहीं हो सकी इसलिए झारखंड को पहली पारी की बढ़त नहीं मिल पाई। इससे वह अतिरिक्त दो अंक हासिल करने से चूक गई। इस तरह दोनों टीम को एक-एक अंक मिला। आदित्य सिंह को 104 रन की पारी खेलने के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
हैदराबाद ने छत्तीसगढ़ पर एक विकेट से रोमांचक जीत
हैदराबाद की आखिरी विकेट की जोड़ी ने छत्तीसगढ़ पर शानदार जीत हासिल की, और 17.2 ओवर तक 39 रन की पार्टनरशिप की। चौथे दिन 13/2 से आगे खेलते हुए, अभिरथ रेड्डी ने 68 और वरुण गौड़ ने 55 रन बनाए, लेकिन जीत के लिए आखिरी समय में बचाव की ज़रूरत पड़ी। नंबर 10 गंगम अनिकेथ्रेडी ने 39 रन बनाए और छक्के के साथ गेम खत्म किया।
हिमाचल और राजस्थान का मैच ड्रॉ रहा
447 रन का पीछा करते हुए, हिमाचल प्रदेश की लड़ाई कप्तान पुखराज मान ने लीड की, जिन्होंने करियर की बेस्ट नाबाद 153 रन की पारी खेली। 87 रन पर 6 विकेट गिरने के बाद, नंबर 8 मुकुल नेगी ने 82 रन बनाए और नंबर 10 अर्पित गुलेरिया 88 गेंदों तक डटे रहे, जिससे हिमाचल को पहली इनिंग की लीड से पॉइंट्स मिले।
मुंबई ने लगाया जीत का चौका
दिव्यांश सक्सेना की तेज सेंचुरी की मदद से मुंबई ने 234/4 पर पारी घोषित की, जिससे रेलवे को 372 रनों का टारगेट मिला। इसके बाद ओपनर ईशान गोयल ने सेंचुरी लगाई, जैसा कि नंबर 7 जुबैर अली खान ने भी किया, लेकिन रेलवे ने 15 रन पर पांच विकेट खो दिए और मैच के आखिरी सेशन रेलवे की टीम 265 रन पर सिमट गयी। शम्स मुलानी ने चार और मुशीर खान ने तीन विकेट लिए, जिससे मुंबई ने रेलवे पर 106 रन से जीत हासिल की।