भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज यास्तिका भाटिया एक रन आउट की वजह से चर्चा के केंद्र में आ गई हैं. ब्रिस्बेन हीट और एडिलेड स्ट्राइकर्स के बीच हुए वीमेंस बिग बैश लीग मैच में उन्होंने शतक लगाने वाली चार्ली नॉट को अचानक रन आउट करा दिया.
यास्तिका पर आरोप है कि वह गेंद को देखती रह गईं, जिससे नॉट को अपना विकेट गंवाना पड़ा. इस घटना ने नॉट के बेहतरीन प्रदर्शन को कुछ हद तक फीका कर दिया, जिन्होंने अपना पहला WBBL शतक लगाकर ब्रिस्बेन हीट को 20 ओवर में 4 विकेट पर 184 रन बनाने में मदद की थी.
चार्ली नॉट का धमाकेदार शतक
क्वींसलैंड की चार्ली नॉट ने सिर्फ 61 गेंदों में 104 रन की जबरदस्त पारी खेली. उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और चार छक्के लगाए, जिससे हीट एक मजबूत स्थिति में पहुंच गई थी. उन्होंने 37 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर अगले 19 गेंदों में ही शतक तक पहुंच गईं.
रन आउट ने बिगाड़ा खेल
हालांकि, उनकी पारी 18वें ओवर में विवादित परिस्थितियों में खत्म हो गई. नॉट ने गेंद को ऑफ साइड में मारा और दो रन लेने का मौका था. नॉट दूसरा रन पूरा करने के लिए तेजी से दौड़ रही थीं, लेकिन भाटिया की प्रतिक्रिया धीमी रही और वह पूरी तरह से दौड़ने के लिए प्रतिबद्ध नहीं दिखीं. उनकी इस हिचकिचाहट ने टीम को महंगा पड़ा, क्योंकि फील्डिंग साइड ने आसानी से रन आउट पूरा कर लिया.
एक कमेंटेटर ने यास्तिका भाटिया के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा, ‘ओह मैन, यह ब्रिस्बेन हीट और यास्तिका भाटिया की तरफ से बिलकुल आपराधिक है, जो गेंद को देखती रह गईं. हम इसे लाइव देख रहे थे, और चार्ली नॉट आसानी से दो रन बना सकती थीं. जैसे ही गेंद ऑफ साइड पर गई, भाटिया बस दूसरे छोर की तरफ जॉगिंग कर रही थीं.’
यास्तिका भाटिया की मुश्किलें जारी
यह रन आउट ऐसे समय में हुआ जब नॉट ने अपना पहला WBBL शतक पूरा किया था. यास्तिका भाटिया ने इस मैच में 18 गेंदों में सिर्फ 16 रन बनाए, जिसमें एक चौका शामिल था और उनका स्ट्राइक रेट 88.88 रहा. यह रन आउट विवाद यास्तिका के लिए एक मुश्किल WBBL सीजन की शुरुआत में और जुड़ गया है. वह ब्रिस्बेन हीट के लिए अपने शुरुआती मैचों में बल्ले से कोई खास कमाल नहीं कर पाई हैं. 1 नवंबर को सिडनी थंडर के खिलाफ वह सिर्फ तीन गेंदों में एक रन बनाकर जॉर्जिया वोल का शिकार हो गईं. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी यास्तिका की मुश्किलें खत्म नहीं हुई हैं. 28 अक्टूबर को वडोदरा में जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे वनडे में वह पहली ही गेंद पर गोल्डन डक पर आउट हो गई थीं. हालांकि, ब्रिस्बेन हीट ने यह मैच 14 रनों से जीत लिया, जिससे उनका 706 दिनों का WBBL जीत का इंतजार खत्म हुआ.